अजमेर के मांगलियावास में तबीजी पुलिया के पास आज रविवार सुबह करीब दस बजे बस और डम्पर की जोरदार भिड़त हुई। हादसा इतना भीषण था कि एक तरफ से बस पूरी तरह से बिखर गई । हादसे में बच्चों सहित 7 लोगों की मौत हुई है और 20 से अधिक घायल हैं।
हादसे में घायल हुए सभी लोगों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती करवाया गया है ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस राजस्थान रोडवेज के पाली डीपो की थी और डम्पर गलत दिशा से आ रहा है। अचानक सामने से आया डम्पर बस से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के एक तरफ के हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर हा-हाकार मच गया। बस में फंसे लोग बचाने के लिए चीख रहे थे। ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया। हादसे से गुस्साए लोगों ने मौके पर जाम भी लगा दिया था। बाद में पुलिस ने समझाइश कर यातायात सुचारू किया।
हादसे का पता चलते ही मृतकों एवं घायलों के परिजनों की अस्पताल में भीड़ लग गई । भीड़ को नियंत्रित करने में अस्पताल प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी । हादसे की सूचना पर शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी, जिला कलक्टर आरती डोगरा और पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह घायलों की कुशलक्षेम पूछने अस्पताल पहुंचे ।




