Site icon AR Live News

अनन्ता मेडिकल कॉलेज में 2026-27 बैच की व्हाइट कोट सेरेमनी

ananta-medical-college-white-coat-ceremony-2026-27-rajsamand

राजसमंद,एआर लाइव न्यूज। डॉक्टर बनने की राह पर पहला कदम सिर्फ सफेद कोट पहनने से पूरा नहीं होता, बल्कि उसके साथ मरीज के प्रति संवेदना, सेवा और जिम्मेदारी का संकल्प भी जुड़ता है। राजसमंद स्थित अनन्ता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर में 2026-27 शैक्षणिक सत्र के नवप्रवेशित मेडिकल विद्यार्थियों के लिए आयोजित व्हाइट कोट सेरेमनी एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम में इसी भावना को प्रमुखता दी गई। | ananta medical college white coat ceremony rajsamand

एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि समारोह में विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाकर चिकित्सा सेवा की जिम्मेदारियों से परिचित कराया गया और महर्षि चरक शपथ दिलाई गई।

अनन्ता चैरिटेबल एज्युकेशनल सोसायटी के चेयरमैन नारायणसिंह राव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफेद कोट केवल डॉक्टर की पहचान वाला परिधान नहीं है, बल्कि यह मरीजों के विश्वास, करुणा, समर्पण और समाज सेवा की जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सा पेशे की गरिमा और शुचिता बनाए रखने के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने का आह्वान किया।

समारोह में प्रिंसिपल डॉ. संजय गुप्ता और मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अंजलि गुप्ता ने चिकित्सा क्षेत्र में मानवीय मूल्यों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में चीफ फाइनेंस कंट्रोलर नरेश खतूरिया, सीएओ डॉ. एस.के. गौतम, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दक्ष शर्मा सहित अनन्ता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन हुआ।

Exit mobile version