Site icon AR Live News

महालक्ष्मी मंदिर में पाटोत्सव 3 अक्टूबर को, रात 12 बजे होगी महाआरती

Mahalakshmi mandira Patotsav Udaipur 2026

उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर के भट्टियानी चौहट्टा स्थित करीब 450 वर्ष पुराने ऐतिहासिक महालक्ष्मी मंदिर में माता महालक्ष्मी का प्राकट्योत्सव (पाटोत्सव) 3 अक्टूबर को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर यज्ञ, हवन, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। शाम को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जबकि रात 12 बजे माता महालक्ष्मी की विशेष महाआरती होगी। | Mahalakshmi mandira Patotsav Udaipur

श्रीमाली जाति संपत्ति व्यवस्था ट्रस्ट के अध्यक्ष भगवती लाल दाशोत्तर ने बताया कि प्राकट्योत्सव की शुरुआत सुबह 4 बजे माता महालक्ष्मी के विशेष अभिषेक से होगी। इस दौरान पंचामृत, गंगाजल, इत्र, गंधोदक और शुद्ध जल से माता का विधिवत स्नान कराया जाएगा। | Mahalakshmi mandira Patotsav Udaipur

अभिषेक के बाद माता महालक्ष्मी को सोने-चांदी के विशेष आभूषण और नई पोशाक धारण कराई जाएगी। इसके बाद षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की जाएगी।

ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश श्रीमाली ने बताया कि सुबह 10 बजे से हवन का आयोजन होगा। इसमें पांच जोड़े आहुतियां देंगे। आचार्य मनीष श्रीमाली अपने पांच सहयोगियों के साथ हवन संपन्न कराएंगे। शाम 4:30 बजे हवन की पूर्णाहुति होगी। जतिन श्रीमाली श्रीमाली ने बताया कि समाज के गणमान्य सदस्य मौजूद रहेंगे। पूर्णाहुति के बाद मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा।

प्राकट्योत्सव का मुख्य धार्मिक आयोजन रात 12 बजे होगा, जब माता महालक्ष्मी की भव्य महाआरती की जाएगी। इस अवसर पर माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं को माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन होंगे। इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।

भट्टियानी चौहट्टा स्थित महालक्ष्मी मंदिर उदयपुर के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है। मंदिर करीब 450 वर्ष पुराना बताया जाता है। मान्यता के अनुसार, इसका निर्माण तत्कालीन महाराणा जगत सिंह के शासनकाल में हुआ था।

मंदिर में स्थापित माता महालक्ष्मी की 31 इंच ऊंची सफेद पत्थर की प्रतिमा अपनी विशिष्टता के लिए जानी जाती है। सामान्यतः देवी लक्ष्मी को कमल पर विराजमान स्वरूप में दर्शाया जाता है, लेकिन इस मंदिर में माता महालक्ष्मी को गजराज पर विराजमान स्वरूप में पूजा जाता है।

मान्यता है कि माता की यह प्रतिमा भीनमाल से लाई गई थी। श्रीमाली समाज में यह मंदिर माता महालक्ष्मी की प्रमुख कुलदेवी के पवित्र धाम के रूप में विशेष धार्मिक महत्व रखता है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version