Site icon AR Live News

MLSU के 59 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय खेल दिवस पर सम्मान

MLSU Udaipur honoured 59 outstanding players on National Sports Day
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (MLSU), उदयपुर में सोमवार को विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 59 खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती अतिथि गृह सभागार में आयोजित समारोह में श्रेष्ठ खिलाड़ियों और पदक विजेताओं को प्रमाण पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। | MLSU Udaipur National Sports Day

समारोह में मुख्य अतिथि द्रोणाचार्य अवार्डी (वॉलीबॉल) सागरमल धायल, अध्यक्षता कर रहे मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा, विश्वविद्यालय क्रीड़ा मंडल की अध्यक्षा प्रो. दिग्विजय भटनागर, विशिष्ट अतिथि महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़ तथा विश्वविद्यालय क्रीड़ा मंडल के सचिव डॉ. हेमराज सिंह चौधरी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। | MLSU Udaipur National Sports Day

विश्वविद्यालय क्रीड़ा मंडल की अध्यक्ष प्रो. दिग्विजय भटनागर ने अतिथियों एवं सम्मानित खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी सत्र में अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विश्वविद्यालय और उदयपुर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि सागरमल धायल ने कहा कि खिलाड़ी का जुनून और अनुशासन ही उसे श्रेष्ठ बनाता है। उन्होंने कहा कि जिस खिलाड़ी में खेल के प्रति लगन होती है, वह जीवन में असफल नहीं हो सकता। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपने खेल को निखारने के अवसर मिल रहे हैं और विश्वविद्यालय भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

तनाव से बचने के लिए खुद से करें प्रतिस्पर्धा : कुलगुरु

कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय खेल के क्षेत्र में अग्रणी विश्वविद्यालयों में शामिल है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात बताया।

उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तनाव से बचने के लिए खिलाड़ियों को दूसरे खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय स्वयं से प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए।

विश्वविद्यालय क्रीड़ा मंडल के सचिव डॉ. हेमराज सिंह चौधरी ने बताया कि सत्र 2025-26 में पश्चिम क्षेत्र एवं अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कुल ₹13,54,012 की पुरस्कार राशि ऑनलाइन माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इनमें कयाकिंग एवं कैनोईंग, जूडो, वुशु, पावर लिफ्टिंग, बॉक्सिंग, शतरंज तथा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी शामिल हैं।

प्रमुख उपलब्धियां

इस वर्ष से विश्वविद्यालय की जनरल चैंपियनशिप में महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेता महाविद्यालयों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विश्वविद्यालय सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय, उदयपुर को ₹51 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली सुयश महाविद्यालय, राशमी की टीम को ₹31 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले रवीन्द्रनाथ टैगोर पीजी महाविद्यालय, कपासन को ₹21 हजार का पुरस्कार दिया गया।

पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर विश्वविद्यालय सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय, उदयपुर को ₹51 हजार, द्वितीय स्थान पर रवीन्द्रनाथ टैगोर महाविद्यालय, कपासन को ₹31 हजार तथा तृतीय स्थान पर विश्वविद्यालय वाणिज्य एवं प्रबंध अध्ययन महाविद्यालय और विद्या भवन रूरल इंस्टीट्यूट को ₹21 हजार का पुरस्कार प्रदान किया गया। हेमंत कुमार लौहार को विशिष्ट रत्न से सम्मानित भी किया गया।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version