Site iconSite icon AR Live News

अनंता हॉस्पिटल में 6 मरीजों के जन्मजात दिल के छेद का बिना ओपन हार्ट सर्जरी सफल इलाज

ananta-hospital-congenital-heart-defect-device-closure-treatment-rajsamand-udaipurananta-hospital-congenital-heart-defect-device-closure-treatment-rajsamand-udaipur

राजसमंद,एआर लाइव न्यूज। अनंता हॉस्पिटल में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 6 मरीजों का बिना ओपन हार्ट सर्जरी के सफल उपचार किया गया। अस्पताल में आयोजित सीएचडी (Congenital Heart Disease) इंटरवेंशन वर्कशॉप के दौरान कैथेटर आधारित तकनीक से सभी मरीजों का डिवाइस क्लोजर किया गया। इन सभी 6 मरीजों का उपचार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क किया गया। | Ananta Hospital Rajsamand Udaipur | Ananta Hospital Congenital Heart Defect Device Closure Treatment

उपचार किए गए 6 मरीजों में 3 मरीज पीडीए (Patent Ductus Arteriosus) और 3 मरीज एएसडी (Atrial Septal Defect) से पीड़ित थे। दोनों ही जन्मजात हृदय संबंधी समस्याएं हैं, जिनमें हृदय के भीतर या हृदय से जुड़ी प्रमुख रक्त वाहिकाओं के बीच असामान्य मार्ग या छेद के कारण रक्त प्रवाह प्रभावित हो सकता है। बिना ओपन हार्ट सर्जरी कैथेटर आधारित तकनीक से सभी मरीजों का डिवाइस क्लोजर कर सफल उपचार किया गया।

बिना ओपन हार्ट सर्जरी डिवाइस से बंद किया गया छेद

अनंता हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. योगेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि चयनित मरीजों में एएसडी और पीडीए का उपचार अब कैथेटर आधारित इंटरवेंशनल तकनीक से किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में पैर की रक्त वाहिका के माध्यम से एक कैथेटर को हृदय तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद मरीज की समस्या और छेद के आकार के अनुसार उपयुक्त डिवाइस को निर्धारित स्थान पर लगाकर असामान्य मार्ग को बंद किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस तकनीक में ओपन हार्ट सर्जरी की तरह बड़ा चीरा लगाने की आवश्यकता नहीं होती। इसके चलते मरीज को अस्पताल में अपेक्षाकृत कम समय रहना पड़ता है और सामान्यतः रिकवरी भी जल्दी होती है।

अनंता हॉस्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि अस्पताल में इंटरवेंशनल और स्ट्रक्चरल हार्ट सेवाओं के लगातार विस्तार से नाथद्वारा, राजसमंद, उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक हृदय उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क उपचार

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इन सभी 6 मरीजों का उपचार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क किया गया। अस्पताल राज्य एवं केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ा हुआ है, जिसके माध्यम से पात्र मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

सीएचडी इंटरवेंशन वर्कशॉप को सफल बनाने में अनंता हॉस्पिटल की पूरी कार्डियक टीम, कैथ लैब, नर्सिंग स्टाफ और एनेस्थीसिया विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी और स्ट्रक्चरल हार्ट सेवाओं के विस्तार को क्षेत्र में आधुनिक हृदय उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version