Site iconSite icon AR Live News

वाणिज्यिक कर सर्वे: राजसमंद, प्रतापगढ़ सहित 5 जिलों में करोड़ों रुपये की कर अनियमितताओं का खुलासा

Jaipur Commercial Tax DepartmentJaipur Commercial Tax Department

जयपुर, एआर लाइव न्यूज । राजस्थान के वाणिज्यिक कर विभाग ने कर चोरी, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC), अपात्र कर लाभ और जीएसटी अनियमितताओं के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाते हुए राजसमंद, बाड़मेर, जयपुर, प्रतापगढ़ और जैसलमेर में एक साथ सर्वे और जांच की। प्रारंभिक जांच में कई मामलों में जीएसटी नियमों के उल्लंघन, अपात्र इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने और कर देयता कम दिखाने के मामले सामने आए हैं। | Rajasthan GST Survey | lates news Rajasthan GST Survey

कार्रवाई की मुख्य बातें

कुंभलगढ़ स्थित ओशन रियलमार्ट प्राइवेट लिमिटेड में जांच के दौरान लगभग 45 लाख रुपये की कर अनियमितता सामने आई। कंपनी ने अपनी त्रुटि स्वीकार करते हुए 38.82 लाख रुपये का अपात्र इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) स्वेच्छा से वापस कर दिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

धोरीमन्ना स्थित शक्ति इन्फ्रास्ट्रक्चर की जांच में निरस्त GST पंजीकरण वाले आपूर्तिकर्ताओं से ITC लेने और GST रिटर्न में कर देयता कम दर्शाने के संकेत मिले। प्रारंभिक जांच में करीब 41 लाख रुपये की संभावित कर अनियमितता सामने आई है। | Rajasthan GST Survey

सिरसी क्षेत्र स्थित राज कंस्ट्रक्शंस में पात्रता से अधिक इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने का मामला मिला। कार्रवाई के दौरान फर्म ने 17.80 लाख रुपये की कर राशि स्वेच्छा से जमा कराई। अन्य अभिलेखों की जांच जारी है।

बामोतर स्थित इंद्रा सागर टारपॉलिन के खिलाफ जांच में लगभग 7 लाख रुपये के अपात्र ITC का मामला सामने आया। फर्म ने जांच के दौरान 6.10 लाख रुपये की राशि जमा कराई।

स्वागत ट्रेवल्स के विरुद्ध की गई सर्वे कार्रवाई में लगभग 30 लाख रुपये की संभावित कर अनियमितता चिन्हित हुई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि फर्म ने इनपुट टैक्स क्रेडिट का समुचित समायोजन नहीं किया।

वाणिज्यिक कर विभाग सभी मामलों में लेखा अभिलेख, खरीद-बिक्री का विवरण, जीएसटी रिटर्न और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित करदाताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वाणिज्यिक कर विभाग ने कहा कि राज्यभर में कर चोरी, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट, अपात्र कर लाभ और अन्य जीएसटी अनियमितताओं के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version