- तीन अधिवक्ताओं के साथ हुई वारदातों के दर्ज प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
- वकील बोले दर्ज मामलों में उचित कार्रवाई के लिए भी हमें सड़कों पर उतरना पड़ रहा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में वकीलों के साथ हो रही घटनाओं में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज वकीलों ने शनिवार को कलेक्ट्री के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। उदयपुर बार एसोसिएशन की अगुवाई में बड़ी संख्या में वकीलों ने कलेक्ट्री पर इकट्ठे होकर नारेबाजी की और पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए। वकीलों ने कलेक्ट्री में जबरन घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोका। इस दौरान कुछ वकील कलेक्ट्री के गेट पर चढ़ गए और दीवार फांदकर कलेक्ट्री में घुस गए। udaipur bar association lawyers protest at collectorate cross barricades and jumped the wall and enter collectorate
कलेक्ट्री परिसर में एसपी ऑफिस तक जाने वाली सीढ़ियों के गेट के बाहर बैठ गए और नारेबाजी की। वकीलों का प्रतिनिधिमंडल एसपी योगेश गोयल से मिला और तीन वकीलों से संबंधित थानों में दर्ज प्रकरणों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वीडियो पर क्लिक कर देखें वकीलों का उग्र प्रदर्शन:-
पुलिस से एक महीने से निवेदन कर रहे थे, कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आज किया उग्र प्रदर्शन
उदयपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह शक्तावत ने बताया बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अधिवक्ता रामलाल जाट के साथ मारपीट का मामला सवीना में दर्ज है, अधिवक्ता रविश धाबाई पर हुए हमले का मामला घंटाघर में दर्ज हैं, वहीं महिला अधिवक्ता के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला भी घंटाघर में दर्ज है। इन तीनों ही मामलों में कार्यवाही को लेकर बार एसोसिएशन पिछले एक महीने से एसपी साहब से निवेदन कर रहा था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो हमने हड़ताल का आह्वान किया। आज वकीलों ने उग्र प्रदर्शन किया है।
हम कलेक्ट्री में घुसे सब दिखा रहे, लेकिन क्यों घुसे, इसकी जड़ तक कोई नहीं जाता
उदयपुर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चेतनपुरी गोस्वामी ने कहा उदयपुर में पुलिस के ऐसे हालात हो गए हैं कि दर्ज प्रकरणों में उचित कार्रवाई के लिए भी वकीलों को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। हम कलेक्ट्री में घुसे, यह तो सब दिखा रहे हैं, लेकिन क्यों घुसे, यह नौबत क्यों आयी, इस पर कोई बात नहीं करता।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

