Site iconSite icon AR Live News

वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन में 3000 से अधिक प्रतिभागी लेंगे हिस्सा: मैराथन का मैडल लॉन्च

Vedanta Zinc City Half Marathon 2024 by hindustan zinc on 29 september will start from field clubVedanta Zinc City Half Marathon 2024 by hindustan zinc on 29 september will start from field club

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। हिंदुस्तान जिंक द्वारा आयोजित होने वाली वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 29 सितंबर को उदयपुर के फील्ड क्लब से शुरू होगी। जिसमें तीन हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। हाफ मैराथन पूरी करने वाले फिनिशर्स को नकद एवं अन्य पुरस्कार मिलेंगे, वहीं हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को मैडल दिए जाएंगे। मंगलवार को वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन का मैडल लॉन्च किया गया। (Vedanta Zinc City Half Marathon 2024)

मैडल लॉन्च कार्यक्रम में हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरूण मिश्रा, एनी बडी कैन रन के फाउंडर डॉ. मनोज सोनी, फील्ड क्लब के सचिव उमेश मनवानी सहित हिंदुस्तान जिंक के अन्य पदाधिकारी और गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरूण मिश्रा ने बताया कि यह मैराथन “रन फॉर जीरो हंगर” थीम पर हो रही है। ऐसे में धावकों का हर कदम किसी जरूरतमंद की भूख मिटाएगा। मैराथन के जरिए एकत्रित होने वाली राशि का उपयोग कुपोषण मुक्त भारत अभियान के तहत जरूरमंद लोगों को पोषणयुक्त भोजन देने में किया जाएगा।

हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरूण मिश्रा ने बताया कि उदयपुर में वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन पहली बार हो रही है। एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन (AIMS) और डिस्टेंस रेस के आधिकारिक सदस्य के रूप में वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन को AIMS प्रमाणन प्राप्त है। ऐसे में यह मैराथन उदयपुर के लिए एक ऐतिहासिक इवेंट होगा। ऐसे में उदयपुरवासियों से अपील है कि वे इस मैराथन में आकर धावकों का उत्साहवर्धन करें। दुनियाभर में होने वाली मैराथन में हिस्सा लेने वाले अंतर्राष्ट्रीय धावक, देश के कुछ आईएएस, आईपीएस सहित उदयपुर सहित देश के तीन हजार से अधिक लोग इसमें रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। उदयपुर में होने वाली यह मैराथन इस स्तर पर पहुंचेगी कि आने वाले वर्षों में देश-दुनिया के मैराथन धावकों के वार्षिक कैलेंडर में शामिल होगी।

एनी बडी कैन रन (ABCR) फाउंडर डॉ. मनोज सोनी ने बताया कि वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन में धावकों के लिए 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की तीन श्रेणियां होंगी। तीनों श्रेणी में दौड़ने वाले धावक 29 सितंबर को फील्ड क्लब से क्रमशः सुबह 6 बजे, 6.30 बजे और 6.45 बजे मैराथन शुरू करेंगे। 21 किमी वाले धावक रानी रोड का पूरा चक्कर लगाकर उसी रूट से फील्ड क्लब वापस आएंगे, इसी प्रकार 10 किमी और 5 किमी के धावकों के लिए भी रानी रोड पर बैंचमार्क तय होगा, जहां तक जाकर उन्हें उसी रूट से वापस आना होगा। इस हाफ मैराथन में करीब 100 दिव्यांगजन भी हिस्सा ले रहे हैं। वे भी उनकी क्षमता के अनुसार दौड़कर उसी रूट से फील्ड क्लब वापस आएंगे। मैराथन का शुभारंभ और समापन दोनों फील्ड क्लब पर होगा। (Vedanta Zinc City Half Marathon 2024)

यह भी पढ़ें : देश की पहली महिला खदान रेस्क्यू टीम ने दुनिया की 20 टीमों में जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया

Exit mobile version