- 24 घंटे में दो मौतों से ग्रामीणों में दहशत : आबादी क्षेत्र के निकट ही पैंथर ग्रामीणों पर कर रहा हमला
- पैंथर लोगों की जान ले रहा और वन विभाग के अधिकारी बात करने से कतरा रहे
उदयपुर/गोगुंदा,(एआर लाइव न्यूज)। गोगुंदा थाना क्षेत्र के भेवड़िया गांव में गुरूवार शाम आदमखोर हुए पैंथर ने एक वृद्ध पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आदमखोर पैंथर ने 24 घंटे में दो लोगों का शिकार किया है। भेवड़िया गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर उंडीथल गांव में बुधवार शाम को पैंथर ने एक किशोरी पर हमला कर उसे मार दिया था और उसके शरीर का कुछ हिस्सा तक खा गया था। (two person killed by panther in 24 hours in gogunda udaipur)
24 घंटों में पैंथर शिकार से हुई दो मौतों से ग्रामीणों में दहशत है, इधर वन विभाग के प्रयास ग्रामीणों को नाकाफी नजर आ रहे हैं। आज सुबह जब किशोरी का शव मिला तो वन विभाग ने पूरा दिन इस बात में निकाल दिया कि हमला पैंथर का था या नहीं और इधर पैंथर ने शाम होते-होते एक और ग्रामीण का शिकार कर डाला। गोगुंदा थानाधिकारी शैतान सिंह ने बताया कि पैंथर के हमले में भेवड़िया गांव निवासी खुमा(65) पुत्र अंबावा की मौत हुई है। मौके पर पुलिस जाब्ता और वन विभाग की टीमे तैनात हैं। पैंथर की तलाश की जा रही है। वन विभाग ने दो पिंजरे लगाए गए हैं और दो पिंजरे सुबह लगाए जाएंगे। आक्रोशित ग्रामीणों की समझाइश करने का प्रयास जारी है। (two person killed by panther in 24 hours in gogunda udaipur)
पैंथर गांव के ही नजदीक घूम रहा, ग्रामीणों में आक्रोश
भेवड़िया गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गुरूवार शाम जंगल से घर आते समय गांव में आबादी क्षेत्र के पास पैंथर ने अचानक खुमाराम पर हमला कर दिया। पैंथर खुमाराम को उसके जबड़ों में दबोच कर जंगल की तरफ ले जा रहा था। खुमाराम के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण उसे बचाने पैंथर के पीछे भागे। पैंथर ने झाड़ियों में ले जाकर खुमाराम के जांघ का कुछ हिस्सा तक खा लिया, ग्रामीणों का शोर सुनकर पैंथर खुमाराम को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया, जब तक ग्रामीण खुमाराम तक पहुंचे उसकी दर्दनाक मौत हो चुकी थी। खुमाराम के साथ एक लड़का भी मौजूद था, जो जान बचाकर गांव की तरफ भागा और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार पैंथर गांव के नजदीक ही घूम रहा है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

