Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर: पैंथर ने स्कूल जा रहे बच्चे पर किया हमला, बच्चे की मौत

udaipur ten year old boy killed by panther attack in phalasia udaipurudaipur ten year old boy killed by panther attack in phalasia udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के फलासिया थाना क्षेत्र के बिछीवाड़ा ग्राम पंचायत में आज शुक्रवार सुबह एक पैंथर ने स्कूल जा रहे बच्चों पर हमला कर दिया, पैंथर ने एक बच्चे को जबड़े से दबोच लिया। पैंथर हमले में दस वर्षीय फलासिया के बिछीवाड़ा ग्राम पंचायत निवासी शिवा खराड़ी (10) पुत्र लालू खराड़ी की मौत हो गयीशिवा पांचवीं कक्षा का छात्र था। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने भागकर खुद को बचाया और चिल्लाते हुए ग्रामीणों को बुलाया। जब तक ग्रामीण आए पैंथर भाग चुका था। दो महीने पहले भी इस घटनास्थल से दो सौ मीटर दूर ही पैंथर ने एक युवक पर हमला कर मार दिया था। सूचना पर डीएफओ मुकेश कुमार सैनी, रेंजर सहित अन्य वनकर्मी और थानाधिकारी सीताराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। (udaipur ten year old boy killed by panther attack)

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, ग्रामीण शव लेकर मौके पर बैठे हुए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर वन विभाग पहले ही सतर्क हो जाता और दो महीने पहले जब पैंथर ने युवक पर हमला कर उसे मारा था, तभी पैंथर को पकड़ लिया होता तो आज बच्चों पर हमला नहीं होता। डीएफओ मुकेश कुमार सैनी ने बताया कि पैंथर हमले में एक बच्चे की मौत हुई है। वन विभाग की पूरी टीम मौके पर है। संभावित स्थानों पर पिंजरा लगा दिया गया है, वहीं वन विभाग की ट्रेंकुलाइज टीम ग्रामीणों के साथ वन क्षेत्र में पैंथर की तलाश कर रही है। पैंथर को जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि पैंथर हमले में फलासिया के बिछीवाड़ा ग्राम पंचायत निवासी शिवा खराड़ी (10) पुत्र लालू खराड़ी की मौत हुई है। शिवा पांचवीं कक्षा का छात्र था। आज सुबह वह अन्य छात्रों के साथ स्कूल जा रहा था। ये सभी छात्र गांव में गोपा माता तालाब के पास धरेल महादेव मंदिर के पास से गुजर रहे थे कि तभी पैंथर ने इन पर हमला बोल दिया। पैंथर ने शिवा को गर्दन से पकड़ कर दबोच लिया और झाड़ियों में ले गया और बुरी तरह से नोंच डाला। पैंथर के हमले में शिवा की मौके पर ही मौत हो गयी। अन्य बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक पैंथर वहां से भाग गया था।

ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में पैंथर का उसके शावकों के साथ लगातार मूवमेंट है। आए दिन पैंथर मवेशियों का शिकार करता है। दो महीने पहले पैंथर ने इसी क्षेत्र में गांव के लक्ष्मीलाल नाम के युवक पर हमला कर मार दिया था। तब भी ग्रामीणों ने वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाकर पैंथर को पकड़ने की मांग की थी, लेकिन वन विभाग ने एक पिंजरा लगाकर पैंथर पकड़ने की जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली थी। ग्रामीणों ने कहा वनकर्मियों ने दो महीने पहले गंभीरता दिखायी होती तो आज शिवा हमारे साथ होता। क्षेत्र में पैंथर मूवमेंट के अनुसार चार से पांच पिंजरे लगाने की जरूरत है, लेकिन वन विभाग इसे कभी गंभीरता से नहीं लेता।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version