Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में मेहरबान हुआ मानसून : बड़गांव में ढ़ाई इंच, भींडर-जयसमंद में 3-3 इंच बारिश

rain in udaipur monsson update udaipurrain in udaipur monsson update udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। बीती रात उदयपुर जिले सहित मेवाड़ में कई जगह मानसून ने मेहरबानी बरसायी। उदयपुर शहर में पौने दो इंच बारिश हुई। जबकि जयसमंद और भींडर में तीन-तीन इंच और शहर से सटे बड़गांव में ढ़ाई इंच बारिश दर्ज की गई। बड़गांव में पर्याप्त ड्रेनेज के अभाव में कई घरों और दूकानों में बारिश का पानी घुस गया। (rain in udaipur)

मौसम विभाग के अनुसार बीती रात कई जगह तेज बारिश का दौर चला। सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों में उदयपुर शहर में 44 मिलीमीटर, बड़गांव में 62 मिलीमीटर, भींडर 73, देवास 12, बागोलिया 20, कानोड़ 26, मावली 46, उदयसागर 28 मिमी बारिश दर्ज हुई। राजसमंद जिले के चिकलवास में 72, नंदसमंद 41, नाथद्धारा 20, खमनोर 48, बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ में 47, जगपुरा 25, बांसवाड़ा 22, माही बांध 21, चित्तौड़ के भोपालसागर में 32, मात्रकुंडिया 28, डूंगरपुर के सोम कमला आंबा में 50, आसपुर 53, निठाउवा 45, सलूंबर के जयसमंद में 75 मिमी बारिश दर्ज हुई।

शहर से सटे बड़गांव में 60 फीट रोड के दोनों किनारे नाली बनाने का काम अभी तक पूरा नहीं होने से बीती रात कई घरों और दूकानों में बारिश का पानी घुस गया। उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा करवाए जा रहा काम बहुत ही धीमी गति से चलने के कारण जरूरत अनुसार पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशान होना पड़ा।

स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि महीनों से यूडीए के इंजीनियर्स और ठेकेदार का ध्यान इस तरफ दिला रहे थे कि बारिश के समय घरों और दुकानों में पानी भरेगा, उसके बावजूद किसी ने परवाह नहीं की। स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा अपनी सुविधा के अनुसार काम करने की प्रवृति के चलते बीती रात लोगों को परेशान होना पड़ा। जहां पर महीनों पहले नाली बन चुकी है उन पर फैरो कवर लगाने का काम भी बहुत धीमी गति से चलने से बारिश के समय परेशानी बढ़ेगी।

नगर निगम की लापरवाही के चलते बड़गांव बस स्टैंड के आसपास कुछ दुकानों और घरों में भी पानी भर गया। मनोहरपुरा से आ रहे पानी की बड़गांव में पर्याप्त निकासी नहीं होने से यह स्थिति बनी। बड़गांव के सरकारी स्कूल के पास से बस स्टैंड तक निगम की नाली व्यवस्थित नहीं होने से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जागरूक नागरिक करीब दो साल से निगम के जिम्मेदारों का ध्यान इस तरफ दिला रहे है, लेकिन कोई परवाह नहीं कर रहा। इस कारण पिछले साल की तरह इस साल भी बारिश के समय लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक  वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज  के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version