Site iconSite icon AR Live News

भांजे की पत्नी ने किया था डबल मर्डर: नवरत्न कॉम्पलैक्स में दो वृद्धाओं की हत्या का मामला

udaipur old women double murder case police arrest nephews wifeudaipur old women double murder case police arrest nephews wife

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के पॉश एरिया नवरतन कॉम्पलैक्स की डायमंड कॉलोनी के घर में दो वृद्धाओं की हत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अंबामाता पुलिस ने हत्या के आरोप में वृद्धाओं के भांजे की पत्नी मारिया(32) पत्नी मुस्तनसिर बोहरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने वृद्धाओं की हत्या के बाद उनके जेवर लूटे थे। उसके शेयर मार्केट में लगाए रूपए डूब गए थे, इससे वह करीब 30 लाख रूपए कर्जे में थी। इस कर्ज को उतारने के लिए वह वृद्धा हुसैना के घर से जेवर लूटना चाहती थी और वृद्धा को सहारा देने के बहाने अक्सर उनके घर आती-जाती रहती थी।

एसपी भुवण भूषण यादव ने बताया कि दोनों वृद्धाओं की हत्या के आरोप में सलूंबर हाल मेवाड़ हॉस्पिटल के पास मातवाड़ी निवासी मारिया पत्नि मुस्तनसिर बोहरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला 1 नवंबर को कुवैत भागने वाली थी, इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने जुर्म कबूला और बताया कि वह मृतका हुसैना की बहन जुबेदा के लडके मुस्तनसिर की पत्नी है, मुस्तनसिर कुवैत में काम करता है। आरोपी महिला मारिया पर शेयर मार्केट में रूपए डूब जाने से उस पर 30 लाख रूपए का कर्जा हो गया था। इसलिए वह काफी समय से हुसैना के घर में रखे जेवर लूटना चाहती थी।

इस ब्लाइंड डबल मर्डर केस के खुलासे में एडिएसपी लोकेन्द्र दादरवाल, डीएसपी चांदमल, थानाधिकारी हनुवंत सिंह राजपुरोहित सहित अहम सुराग जुटाने में कांस्टेबल श्रवण कुमार की मुख्य भूमिका रही है।

15-20 दिन पहले भी सब्जी में दी थी नींद की गोलियां

डीएसपी चांदमल सिंगारिया ने बताया कि आरोपी महिला रिश्तेदार होने से अक्सर हुसैना बाई के घर आती रहती थी। महिला को हुसैना के घर में रखे जेवरों की भी जानकारी थी। 15-20 दिन पहले भी जेवरों की लूट के लिए उसने हुसैना को लौकी की सब्जी में नींद की गोलियां खिलाई थी। लेकिन तब घर में काम करने वाले चौकीदार, उसकी पत्नी और तीन बेटियां आस-पास मौजूद थे, तो वह लूट नहीं कर पायी।

नवरात्रि में जब उसे पता चला कि चौकीदार परिवार सहित उसके गांव जाना चाहता है, तो आरोपी मारिया ने घर में दोनों वृद्धा बहनें हुसैना और सारा बाई की देखभाल करने की जिम्मेदारी ले ली। इस पर चौकीदार परिवार सहित गांव चला गया। चौकीदार के जाने के बाद 25 अक्टूबर को आरोपी महिला मारिया मृतका हुसैना बाई के घर केले, सेव, दूध इत्यादि सामान भी देकर आई थी। ताकि सबकुछ सामान्य लगे।

हत्या कर जेवर लूट अपने घर चली गयी

26 अक्टूबर को मारिया हुसैना के घर आयी। बुर्का खोलकर लोवर-टीशर्ट पहनी और चेहरा ढक लिया। लोहे की छोटी रॉड लेकर हुसैना बाई के कमरे में गयी। हुसैना बाई टीवी देख रही थी। मारिया ने हुसैना का पीछे से मुंह दबाया और फिर सिर पर वार कर हुसैना की हत्या कर दी। हुसैना के जेवर लूट कर जा रही थी कि तभी दूसरे कमरे से हुसैना की बहर सारा आ गयी। इस पर मारिया ने सारा की भी हत्या कर दी और उसके जेवर भी लूट कर वहां से फरार हो गयी।

आरोपी महिला मारिया 27 अक्टूबर को वापस हुसैना के घर आयी। उसने ग्राउंड फ्लोर के कमरे में बिछे कारपेट में आग लगा दी, ताकि घटना को कोई दूसरा रूप दिया जा सके और पुलिस गुमराह हो जाए।

लूटे हुए गहनों को बैंक में रखकर लोन ले लिया

आरोपी मारिया ने लूटे हुए गहनों में से कुछ गहनों को 27 अक्टूबर को बैंक में रखकर लोन भी ले लिया, ताकि पुलिस को तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिले। घटनास्थल पर पुलिस के पंहुचने से लेकर 1 नवंबर तक आरोपी महिला मारिया मौके पर आती जाती रही और पूछताछ के अलावा पुलिस के आसपास से निकलते वक्त पुलिस को झुककर नमस्कार भी करती थी, ताकि पुलिस उस पर शक नही करे।

यह भी पढ़ें : उदयपुर की पॉश कॉलोनी में हुआ था डबल मर्डर : 27 अक्टूबर की शाम दो वृद्धाएं कमरे में मिली थी मृत

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version