Site iconSite icon AR Live News

79.94 करोड़ की मंजूरी मिली: राजसमंद झील को भरने वाली खारी फीडर की क्षमता बढ़ेगी

rajsamand lake Khari Feeder Rajsamandrajsamand lake Khari Feeder Rajsamand

स्टेट लेवल एम्पावर्ड स्टेण्डिंग कमेटी ने दी मंजूरी

जयपुर,( एआर लाइव न्यूज)। जल संसाधन विभाग के एसीएस डॉ. सुबोध अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई स्टेट लेवल एम्पावर्ड स्टेण्डिंग कमेटी की बैठक में 432 करोड़ से अधिक के 13 कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई। इसमें राजसमंद झील को भरने वाली खारी फीडर की क्षमता बढ़ाने का काम भी शामिल है।

बैठक में बनास नदी पर बने नंदसमंद बांध से राजसमंद झील में पानी डायवर्ट करने वाली खारी फीडर की क्षमता बढ़ाने के लिए 79.94 करोड़ की मंजूरी दी गई है। खारी फीडर की मरम्मत कर इसकी क्षमता 400 क्यूसेक से बढ़ाकर 800 क्यूसेक करना प्रस्तावित है। इससे राजसमंद झील में पानी की आवक बढेगी। डीपीआर तैयार हो चुकी है और उसमें लिए गए प्रस्ताव के अनुसार खारी फीडर की क्षमता बढ़ाने का काम होगा।

फीडर की क्षमता कम होने से मानसून के दौरान राजसमन्द झील में जरूरत अनुसार पानी डायवर्ट करना संभव नहीं हो पाता है। 32.50 किमी लम्बी एवं 400 क्यूसेक क्षमता वाली खारी फीडर का निर्माण 1966 में हुआ था। नंदसमंद से गत 15 वर्षों में औसतन प्रतिवर्ष 7563 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी ओवरफ्लो होकर नदी में गया जबकि 20.18 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी ही खारी फीडर से राजसमन्द झील मेें अपवर्तित हो पाया।

पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को भी होगा फायदा

खारी फीडर से आवक बढ़ने से राजसमंद झील में मानसून में उम्मीद अनुरूप पानी की आवक हो सकेगी। इससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होेने के साथ ही किसानों को भी सिंचाई के लिए जरूरत अनुरूप पानी मिल सकेगा। राजसमन्द एवं नाथद्वारा तहसील के 52 गांवों की जनता लाभान्वित होगी। 3786 एमसीएफटी वाली राजसमंद झील से क्षेत्र में पेयजल वितरण होने के साथ ही 10441 हेक्टेयर में सिंचाई भी होती है। राजसमंद तहसील की 85 हजार जनसंख्या के पेयजल के लिए 700 एमसीएफटी एवं उद्योग के लिए 41 एमसीएफटी पानी आरक्षित है।

राजसमंद जिले में ये काम भी होंगे

3.57 करोड़ रूपए लागत से राजसमंद जिले की नाथद्वारा तहसील में फूलपुरा एवं जेबा तालाब की मरम्मतए 2.52 करोड़ रूपए की लागत से राजसमंद में माना का तालाब एवं उथनोल में वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर उन्नयन कार्य किए जाएंगे। स्वीकृत कार्य मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा में शामिल हैं।

उदयपुर-बांसवाड़ा में ये काम होंगे

10.43 करोड़ लागत से बांसवाड़ा जिले में सज्जनगढ़ तहसील में सेवनिया एनीकट, 7.18 करोड़ की लागत से गढ़ी तहसील में चाप नदी पर खेड़ा एनीकट, 5.14 करोड़ लागत से अरथूना तहसील में गोवरपाड़ा एनीकट का कार्य होगा। 3.08 करोड़ की लागत से उदयपुर जिले की झल्लारा तहसील में धीमरा मगरी एनीकट का निर्माण होगा। 2.50 करोड़ की लागत से उदयपुर जिले की झल्लारा तहसील में भानोर एनीकट का पुनरूद्धार एवं उन्नयन कार्य होगा।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version