Site iconSite icon AR Live News

लंदन में भारतीय छात्रा की चाकू मारकर हत्या

indian student murder in londonindian student murder in london

एआर लाइव न्यूज। लंदन में भारत की एक छात्रा कोंथम तेजस्विनी रेड्डी की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी है। तेजस्विनी जिस फ्लैट में रहती थीं, उसी फ्लैट में ब्राजील निवासी आरोपी युवक 6 दिन पहले ही रहने आया था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के ब्राह्मणपल्ली निवासी 27 वर्षीय तेजस्विनी रेड्डी तीन साल पहले मास्टर्स की पढ़ाई करने के लिए लंदन गयीं थी। वे लंदन के वेंबली में अपने दोस्तों के साथ रहती थीं। छह दिन पहले उनके फ्लैट में ब्राजील निवासी युवक रहने आया था। मंगलवार को युवक ने तेजस्विनी पर चाकू से हमला कर दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं बीच-बचाव के प्रयास में तेजस्विनी की एक दोस्त गंभीर घायल हुई है, जिसका हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया था।

लंदन पुलिस ने घटनाक्रम के बाद युवक केवेन एंटोनियो लौरेंको डी मोरिस की फोटो सोशल मीडिया पर जारी की। पुलिस ने बुधवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। लंदन पुलिस हत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है। वहीं तेजस्विनी के शोकाकुल परिजनों ने उनकी बेटी का शव जल्द से जल्द भारत लाए जाने के लिए राज्य सरकार से अनुरोध किया है।

Exit mobile version