प्रीतम सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ली हत्या की जिम्मेदारी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। अंबामाता थाना क्षेत्र के रामपुरा चौराहे के पास हुए बजरंग दल के पदाधिकारी राजू तेली हत्याकांड (udaipur bajrangdal worker shot dead) में पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी को चिह्नित तो कर लिया है, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
हालां कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर प्रीतम सिंह उर्फ बंटी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मौके से मिले आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज और प्रीतम सिंह की फोटो का मिलान किया, तो राजू तेली पर गोली चलाने वाले दो युवकों में प्रीतम सिंह के होने की पुष्टि हुई है। प्रीतम सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार उसने भूखंड विवाद के चलते इस हत्याकांड को अंजाम देने का दावा किया है, हालां कि पुलिस इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट जानकारी देने की बात कर रही है।
दोपहर तक चली समझाइश के बाद परिजन शव लेने को हुए तैयार
इधर सुबह जब पुलिस ने मृतक के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करनी चाही तो आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोषित परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। मोरचरी में विश्व हिंदु परिषद, बजरंग दल के नेता और कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में इस तरह से हत्याकांड होना पुलिस की नाकामी है। एहतियातन भारी पुलिस जाब्ता भी मोरचरी पर तैनात रहा। एडि.एसपी सिटी चन्द्रशील ठाकुर, एडिएसपी मंजीत सिंह, डीएसपी शिप्रा राजावत, भूपेन्द्र सिंह सहित थानाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मय जाब्ता हॉस्पिटल पहुंचे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों की काफी समझाइश की, इसके बाद विश्व हिंदु परिषद और बजरंग दल के नेताओं का प्रतिनिधिमंडल परिजनों के साथ कलेक्टर से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर सरकारी नौकरी व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। कलेक्टर ने ज्ञापन सरकार को भेजने का आश्वासन किया। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम करवाकर शव लेने को तैयार हुए। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द किया।
पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को जानकारी दी कि मृतक राजू तेली रामपुरा चौराहे के पास एक चिकन सेंटर रेस्टोरेंट चलाता था और प्रोपर्टी का काम करता था। मृतक राजू तेली के खिलाफ भी शहर के थानों में मुकदमें दर्ज हैं। मामला प्रोपर्टी विवाद से जुड़ा हो सकता है।
यह भी पढ़ें : बजरंगदल पदाधिकारी को सरेराह गोली मारी

