Site iconSite icon AR Live News

एसीबी की जयपुर और उदयपुर में बड़ी कार्रवाई : विद्युत विभाग के 2 एक्सईएन, 1 एईएन और दलाल लाखों की रिश्वत लेते-देते गिरफ्तार

rajasthan acb trap three engineers of electricity department for taking giving two lakh rupees briberajasthan acb trap three engineers of electricity department for taking giving two lakh rupees bribe

पदोन्नति के बाद उदयपुर से ट्रांसफर नहीं करने की एवज में ली और दी जा रही थी रिश्वत

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को (rajasthan acb trap) राजस्थान विद्युत वितरण निगम के जयपुर और उदयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग के जयपुर निवासी एक्सईन कुंज बिहारी गुप्ता, उदयपुर निवासी एक्सईएन जीनन जैन और उदयपुर निवासी एईएन विपिन कुमार चौहान और भीलवाड़ा निवासी दलाल कल्पवन व्यास को लाखों की रिश्वत देते और लेते गिरफ्तार किया है।

यह राशि पदोन्नति के बाद ट्रांसफर नहीं करने की एवज में दी और ली जा रही थी। रिश्वत को उदयपुर से जयपुर दलाल ठेकेदार के मार्फत पहुंचाई गयी। उदयपुर के एक्सईएन जीनन जैन ने 2 लाख रूपए दलाल (ठेकेदार) के जरिए जयपुर के एक्सईएन कुंज बिहारी गुप्ता को देने के लिए दी, जबकि दलाल ने कुंज बिहारी गुप्ता को 1.25 लाख रूपए ही रिश्वत के दिए। मतलब ठेकेदार ने खुद के लिए 75 हजार रूपए रिश्वत इधर से उधर पहुंचाने के रख लिए। एसीबी एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के जयपुर और उदयपुर स्थित घर सहित अन्य ठिकानों पर तलाशी की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसीबी ने प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।

रिश्वत लेने वाले और देने वाले तीनों अधिकारी गिरफ्तार

एसीबी एडीजी हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि उदयपुर में विद्युत विभाग में कार्यरत जीनन जैन का सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) पद पर पदोन्नति हुई है। लेकिन जीनन जैन उदयपुर से ट्रांसफर नहीं चाहते हैं।

जीनन जैन का पदोन्नति के बाद भी उदयपुर से ट्रांसफर नहीं करने की एवज में राजस्थान विद्युत वितरण निगम कार्यालय के प्रावधायी सहायक निदेशक अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) कुंज बिहारी गुप्ता दलाल ठेकेदार कल्पवन व्यास और एईएन विपिन कुमार चौहान के माध्यम से लाखों रूपयों की रिश्वत मांग रहे हैं। इस तरह विभाग में लाखों रूपयों की रिश्वत राशि का लेने-देन होगा।

दलाल ने एक एक्सईएन से 2 लाख प्राप्त कर, दूसरे एक्सईएन को 1.25 लाख रूपए ही पहुंचाए

इस पर एसीबी ने तकनीकी शाखा एवं गोपनीय सत्यापन के जरिए सूचना की सत्यापन किया। रिश्वत का लेन-देन होने वाला है, इस बात की पुष्टि होने पर आज एसीबी की स्पेशल यूनिट के एडि.एसपी बजरंग सिंह शेखावत के नेतृत्व में एसीबी टीम ने जयपुर और उदयपुर में एक साथ ट्रेप कार्यवाही की।

एसीबी की एक टीम ने जयपुर में कुंज बिहारी गुप्ता को उसके जयपुर के प्रतापनगर स्थित निवास पर दलाल ठेकेदार कल्पवन व्यास पुत्र नंदकिशोर व्यास से 1 लाख 25 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते गिरफ्तार किया। वहीं एसीबी की दूसरी टीम ने उदयपुर से एईएन विपिन कुमार चौहान और उदयपुर के सेक्टर 14 निवासी एक्सईएन जीनन जैन पुत्र नटवर लाल जैन को गिरफ्तार किया है। दलाल ठेकेदार कल्पवन व्यास ने उदयपुर में एक्सईएन जीनन जैन से 2 लाख रुपये रिश्वत राशि ली थी और इस दो लाख रूपए में से सवा लाख रूपए जयपुर में कुंज बिहारी गुप्ता को देने के लिए उनके जयपुर स्थित निवास पर पहुंचा था।

यह भी पढ़ें : राजस्थान में 20 से 22 मार्च को होगा इंटरनेशनल एक्स्पो

Exit mobile version