नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। अडानी ग्रुप को लेकर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के खुलासे के बाद न सिर्फ अडानी ग्रुप के शेयरों में लगातार गिरावट हो रही है, बल्कि अब मुद्दा संसद में भी पहुंच गया है। मामले में अब भारतीय रिजर्व बैंक आरबीआई ने भी भारतीय बैंकों से जानकारी मांगी है कि उन्होंने अडानी ग्रुप की कंपनियों को कितना कर्ज दिया हुआ है।
गुरूवार को संसद में पूरे विपक्ष ने एकजुट होकर अडानी ग्रुप के वित्तीय लेन-देन की जांच कराने की मांग की, इसको लेकर संसद में जमकर हंगामा हुआ। बाद में लोकसभा और राज्यसभा की कार्रवाई अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गयी। वहीं शेयर मार्केट में भी अडाणी ग्रुप के शेयर्स में लगातार गिरावट देखी गई।
गौतम अडानी ने रद्द किया एफपीओ, वीडियो के जरिए निवेशकों को जारी किया मैसेज
शेयर बाजार में लगातार गिरावट को देखते हुए गौतम अडानी ने बुधवार देर रात एक वीडियो जारी कर अडाणी ग्रुप के 20 हजार करोड़ रुपए के फुली सबस्क्राइब्ड एफपीओ को रद्द करने और इन्वेस्टर्स का पैसा लौटाने की जानकारी दी थी।
एफपीओ रद्द करने के बाद गौतम अडाणी ने वीडियो जारी कर इन्वेस्टर्स का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा पिछले हफ्ते स्टॉक में हुए उतार-चढ़ाव के बावजूद कंपनी के बिजनेस और उसके मैनेजमेंट में आपका भरोसा हमारे लिए आश्वासन देने वाला है। मेरे लिए मेरे निवेशकों का हित सर्वोपरि है। इसलिए निवेशकों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए हमने एफपीओ वापस ले लिया है।

