5 स्टार टेंट सिटी का भी किया उद्घाटन
वाराणसी,एआर लाइव न्यूज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी में विश्व के सबसे लंबे रिवर क्रूज-एमवी गंगा विलास (world longest river cruise ganga vilas) और 5 स्टार टेंट सिटी का उद्घाटन किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर पीएम ने गंगा विलास रिवर क्रूज को रवाना किया। यह क्रूज वाराणसी से असम के डिब्रूगढ़ तक 3200 किलोमीटर का सफर तय करेगा और इस दौरान यह उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल राज्यों और बांग्लादेश की यात्रा करेगा और 25 अलग-अलग नदियों या नदी धाराओं से होकर गुजरेगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गंगा विलास रिवर क्रूज की शुरूआत से पूर्वी भारत के अनेक पर्यटक स्थल, वर्ल्ड टूरिज्म मैप में और प्रमुखता से आने वाले हैं। पीएम मोदी विदेशी टूरिस्ट का विशेष अभिनंदन करते हुए बोले कि ये क्रूज यात्रा एक साथ अनेक नए अनुभव लेकर आने वाली है।
जो लोग आध्यात्म की खोज में हैं, उन्हें वाराणसी, काश, बोधगया, विक्रमशिला, पटना साहिब और माजुली की यात्रा करने का सौभाग्य मिलेगा। जो मल्टी नेशनल क्रूज का अनुभव लेना चाहते हैं, उन्हें ढाका से होकर गुजरने का अवसर मिलेगा। जो भारत की नेचुरल डायवर्सिटी को देखना चाहते हैं, उन्हें ये क्रूज सुंदरबन और असम के जंगलों की सैर कराएगा।
जिन लोगों की रुचि भारत में नदियों से जुड़े सिस्टम को समझने में है, उनके लिए ये यात्रा बहुत महत्वपूर्ण होगी। क्योंकि ये क्रूज 25 अलग-अलग नदियों या नदी धाराओं से होकर गुजरेगा। और जो लोग भारत के समृद्ध खान-पान का अनुभव लेना चाहते हैं, उनके लिए भी ये बेहतरीन अवसर है। यानि भारत की विरासत और आधुनिकता का अद्भुत संगम हमें इस यात्रा में देखने को मिलेगा। पीएम मोदी बोले यह क्रूज जिस-जिस शहर से गुजरेगा, वहां विकास की नयी राहें तैयार करेगा।
5 स्टार टेंट सिटी में आध्यात्म और आधुनिकता का संगम
टेंट सिटी का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी बोले अब गंगा पार के क्षेत्र में ये नई टेंट सिटी, काशी आने वाले श्रद्धालुओं को, पर्यटकों को एक नया अनुभव देगी। इस टेंट सिटी में आधुनिकता भी है, अध्यात्म भी और आस्था भी है। राग से लेकर स्वाद तक बनारस का हर रस हर रंग इस टेंट सिटी में देखने को मिलेगा।
यह टेंट सिटी 15 जनवरी से पर्यटकों के लिए उपलब्ध होगी। इसमें रहकर पर्यटक 5 स्टार जैसे होटल की लग्जरी सुविधाओं का लुफ्त उठा सकते हैं। उगते सूरज और गंगा आरती का नजारा, गेम्स और हॉर्स राइडिंग आकर्षण का केन्द्र होंगे।
यह भी पढ़ें : मकर संक्रांति से फिर तेज हो सकती है सर्दी

