Site iconSite icon AR Live News

चंबल अभयारण्य क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ चलेगा संयुक्त अभियान

illegal mining in chambal sanctuary areaillegal mining in chambal sanctuary area

जयपुर,एआर लाइव न्यूज। चंबल अभयारण्य (chambal sanctuary) क्षेत्र में हो रहे बजरी के अवैध खनन की रोकथाम के लिए संबंधित सरकारी विभाग संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्यवाहियां करेंगे। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम डॉ.सुबोध अग्रवाल ने शुक्रवार को धोलपुर में कलक्टर, पुलिस प्रशासन, धौलपुर और भरतपुर के माइंस विभाग व वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली और संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।

अवैध खनन करने वालों की बड़ी मशीनें जब्त करें

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की देखरेख में यह अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशन और प्रयासों से बंशीपहाड़पुर में वैध खनन आरंभ हो सका है और राममंदिर के लिए वैध खनन से पत्थर मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन गतिविधियों पर रोक के लिए कार्यवाही करते समय बड़ी मशीनों आदि की जब्ती की कार्यवाही सहित ठोस कार्यवाही की जाए ताकि अवैध गतिविधियां करने वाले निरुत्साहित हो सकें।

इससे पहले डॉ. अग्रवाल ने भरतपुर कलक्टर आलोक रंजन और जिले के माइनिंग व संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर भरतपुर व रुपवास में खनन गतिविधियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलक्टर धौलपुर अनिल कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, एसएमई भरतपुर अविनाश कुलदीप, एमई धौलपुर मुकेश मंगल, एमई भरतपुर रामनिवास मंगल, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन तोमर, उप वन संरक्षण किशोर गुप्ता, उप वन संरक्षक वन्यजीव अनिल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें : जियो हैरिटेज साइट्स का होगा संरक्षण

Exit mobile version