Site iconSite icon AR Live News

अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते तस्कर गिरफ्तार: 6 पिस्टल, 25 कारतूस बरामद

arms smuggling in rajsamand rajasthan police arrest three accused with 6 pistol and 25 cartridgearms smuggling in rajsamand rajasthan police arrest three accused with 6 pistol and 25 cartridge

राजसमंद,(एआर लाइव न्यूज)। राजसमंद पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में लिप्त तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने तस्करों से 6 देशी पिस्टल और 25 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

राजसमंद एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि कुंवारिया निवासी किशनलाल पुत्र भंवरलाल गायरी, बालुराम पुत्र डालचंद और खरगोन मध्यप्रदेश निवासी मोलक सिंह पुत्र प्रधान सिंह को गिरफ्तार किया है। तस्करी के मुख्य आरोपी किशनलाल और मोलक सिंह हैं। किशनलाल मोलक सिंह से अवैध पिस्टल मध्यप्रदेश से मंगवाता था और कुंवारिया राजसमंद में युवा लड़कों को बेचता था। किशनलाल मोलक सिंह से एक पिस्टल 15000 में खरीदता था और गांव में लड़कों को 30 से 35 हजार या इससे अधिक में बेच रहा था।

एसपी ने बताया आरोपी किशनलाल ने एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस गांव के बालुराम को भी बेची थी। जिस पर पुलिस ने किशनलाल और मोलक सिंह के अलावा बालुराम को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस किशनलाल से पूछताछ कर रही है कि उसने अब तक किन-किन लोगों को हथियार बेचे हैं।

हथियारों की खरीद-फरोख्त करते पकड़े गए तस्कर

आमेट थानेदार देवेन्द्र सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के लांबा के तालाब की पाल के पास अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त होने की सूचना थी। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, उस समय दो व्यक्ति मौके पर दिखे जो हाथ में पिस्टल लेकर चेक कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वह दोनों व्यक्ति एक बाइक पर सवार होकर भागने लगे। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया और घेरा डालकर उसे पकड़ा। पूछताछ में एक व्यक्ति कुंवारिया का किशनलाल और दूसरा खरगोन एमपी को मोलक सिंह निकला।

किशनलाल ने मोलक सिंह से 4 अवैध पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस मंगवाए थे, जो कि किशनलाल और मोलक सिंह की तलाशी में बरामद हो गए। किशनलाल से सख्ती से पूछताछ करने पर उसके घर की तलाशी ली, जहां से एक अवैध पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस मिले, वहीं किशनलाल ने कबूला की उसने एक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बालुराम को बेचे थे। इस पर पुलिस ने बालुराम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल और कारतूस बरामद किए। इस तरह इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 देशी पिस्टल और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए।

इस टीम ने की कार्रवाई : आमेट थाने के थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह, एएसआई जयसिंह, निसार अहमद, हेडकांस्टेबल भंवरलाल, गणपत सिंह, हसंराज, बलवीर, हरिशंकर की टीम ने तस्करों को गिरफ्तार कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।

Exit mobile version