राजसमंद(एआर लाइव न्यूज)। नाथद्वारा विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी ने कहा है कि मेले से आपसी सद्भभाव बढ़ता हैं और व्यापार बढ़ाने में भी मेले सहायक होते हैं।
डॉ.जोशी ने रेलमगरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनेरियागढ़ में ताखाराज सांस्कृतिक मेले में आमजन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने किसानों से कहा कि वे उन्नत खेती करने पर ध्यान दे और अच्छी नस्ल के पशु पालने पर भी ध्यान दे। जोशी ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर कहा कि तालाबों को भरने की महत्वपूर्ण योजना हैं, नहरों का काम प्रगति पर हैं।
विकास कार्यों की जनप्रतिनिधि भी करें मॉनिटरिंग
जोशी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को काम की मॉनिटरिंग करने में सक्रियता दिखानी चाहिए ताकी काम गुणवत्ता पूर्वक हो सके। जोशी ने इससे पूर्व सासेरा मे जलदेवी माता मन्दिर दर्शन कर वहां जैन समाज की नव निर्मित धर्मशाला देखी और गवारडी पंचायत में उप स्वास्थ्य केन्द्र का उद्घाटन किया।
ग्रामीणों ने क्षेत्र की जरूरतों की तरफ जोशी का ध्यान दिलाया
धनेरियागढ़ सरपंच अंजना खटीक व पूर्व सरपंच शंकरलाल जाट ने धनेरियागढ़ पंचायत में सडक़, स्कूल, अस्पताल से जुड़ी जरूरतों और नंदसमंद बांध की नहर को पक्का करवाने की तरफ जोशी का ध्यान दिलाया। ग्रामीणों ने मेला भूमि के चारों तरफ पक्की बाउंड्रीवाल बनवाने की भी मांग की। रेलमगरा प्रधान आदित्य प्रताप सिंह चौहान, उप प्रधान कमलेश चौधरी, जिला परिषद प्रतिनिधि माधवलाल खटुकडा, जिला परिषद सदस्य लैहरू लाल अहीर, रविन्द्र पारिक, शांन्ति लाल प्रजापत, शंकरलाल चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

