पंचायत सभागार में किया जनसंवाद
राजसमंद(एआर लाइव न्यूज)। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने गिलुंड पंचायत के सभागार में कुरजमंडल स्तरीय जनसंवाद में जनता की समस्याएं सुनी।
इस दौरान विधायक दीप्ति ने कहा कि इस मानसून में अच्छी बारिश हुई हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी पेयजल वितरण की व्यवस्था बेहतर नहीं हुई। इसके अलावा गांवों में जरूरत अनुसार बिजली सप्लाई भी नहीं हो रही हैं। कुरज मंडल की कई पंचायतों में सौर ऊर्जा चलित पनघट की स्थापना का कार्य अधूरा पड़ा है। संबंधित ठेकेदार कार्य अधूरा छोड़ कर चला गया उससे लोगोंं को सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा।
ग्रामीणों ने दीप्ति को बताया कि पूर्व मंत्री स्व. किरण माहेश्वरी ने बैठूम्बी ग्राम के लिए 28 लाख रुपए की जलदाय योजना स्वीकृत की थी। ग्राम वासियों ने शिकायत की कि स्वीकृत योजना में एक कुआं खोदा गया है और उन्हें भ्रष्टाचार व अनियमितता की आशंका है। विधायक ने अधीक्षण अभियंता से वार्ता करने का आश्वासन दिया। गिलुण्ड सरपंच ललिता खैरोदिया, कोटड़ी सरपंच अभिषेक चौधरी, उदय लाल जाट, कुरज पूर्व सरपंच अनिल जाट, उपसरपंच शंकर जाट, योगेश दशोरा, रामनारायण, जवाहर लाल जाट, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष अंबा लाल गाडरी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष राधारानी राजौरा, नारायण जाट व सत्यनारायण पूर्बिया सहित कई लोग मौजूद थे।
लोगों ने बतायी पेयजल की समस्या
जनसंवाद में कुंडिया, जुणदा, जोधा माझावास, खड़बामणिया, गिलुंड सहित कई गांव के निवासियों ने पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति नहीं करने की समस्या से अवगत करवाया। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को ग्राम पंचायत बुलाकर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुधारने को कहा। विधायक ने बिजली निगम के सहायक अभियंता को भी लोगों की समस्या बतायी।
गिलुंड पंचायत सीमा विस्तार में आ रही समस्या भी बतायी
गिलुंड के ग्राम वासियों ने पंचायत क्षेत्र में आबादी भूमि उपलब्ध नहीं होने से उत्पन्न समस्याओं की तरफ विधायक दीप्ति माहेश्वरी का ध्यान आकृष्ट किया। विधायक ने कहा कि वे राजस्व मंत्री से वार्ता करके इस समस्या का समाधान करने का प्रयास करेगी। विधायक ने कार्यकर्ताओं व जन समुदाय से आग्रह किया कि वे विकास कार्यों के प्रति सजगता रखें एवं किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर उन्हें तुरंत अवगत करवाए।

