कोरोना काल के चलते दो वर्ष बाद होगा पुतलों का दहन
राजसमंद(एआर लाइव न्यूज)। नगर परिषद की ओर से इस बार दशहरा पर तीन जगह दशानन के पुतलों को दहन किया जाएगा। कांकरोली, राजनगर के साथ ही धोइंदा में भी यह कार्यक्रम होगा। रावण के पुतले बनाने का काम प्रगति पर हैं।
कोरोना काल के चलते नगर परिषद राजसमंद की ओर से दो साल बाद दशहरा पर हो रहे पुतलादहन को लेकर उत्साह नजर आ रहा हैं। इस वर्ष पांच अक्टूबर को विजयदशमी पर्व पर कांकरोली और राजनगर के साथ ही धोइंदा में भी पुतला दहन होगा।
सभापति अशोक टांक ने बताया कि इस बार परिषद की ओर से नई शुरुआत करते हुए धोइंदा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान में भी 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। इस दौरान भगवान राम की झांकी भी निकलेगी। निम्बाहेड़ा के कलाकार छोटू भाई व उनके सहयोगी इन दिनों पुतलें बनाने के काम में लगे हुए हैं। पुतलों के निर्माण पर 1.90 लाख व आतिशबाजी पर 2 लाख खर्च होंगे।
नवरात्रि में यह गरबा गीत खूब पसंद किया जा रहा, वीडियों के लिए लिंक पर क्लिक करें
सबसे पहले धोइंदा में होगा पुतला दहन
सभापति ने बताया कि विजयादशमी पर सबसे पहले शाम सात बजे धोइंदा में पुतले का दहन होगा। उसके बाद कांकरोली और राजनगर में पुतले का दहन किया जाएगा। धोइंदा में 35 फीट ऊंचे, कांकरोली में 51 और राजनगर में 35 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा। कांकरोली में दहन से भगवान द्वारकाधीशजी के मंदिर से परंपरागत रूप से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकलेगी। इसमें लक्ष्मण,सीता और हनुमानजी की झांकी भी शामिल होगी। राजनगर में चेतनदास आश्रम से सवारी निकाले जाने के बाद पुतले का दहन किया जाएगा।

