एआर लाइव न्यूज। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरूवार रात 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। शाही परंपरा के मुताबिक 19 सितंबर को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर ब्रिटेन में 12 दिन का शोक घोषित किया गया है, वहीं भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 सितंबर को 1 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल से उनका पार्थिव शरीर लंदन लाया जाएगा। यहां वेस्टमिंस्टर ऐबे में उनका अंतिम संस्कार होगा। महारानी को पति प्रिंस फिलिप के बाजू में दफनाया जाएगा।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 6 फरवरी 1952 में ब्रिटेन में शासन संभाला था। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 70 साल के शासनकाल में ब्रिटेन में 15 प्रधानमंत्रियों ने अपनी सेवाएं दीं, इनमें विंस्टन चर्चिल से लेकर मारग्रेट थैचर और बोरिस जॉनसन से लेकर लिज ट्रस तक शामिल हैं।
1952 में जब एलिजाबेथ द्वितीय के पिता का निधन हो गया था, तब मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने शासन संभाल लिया था। अब एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद उनके सबसे बड़े पुत्र 73 वर्षीय प्रिंस चार्ल्स राजगद्दी संभालेंगे। वे ब्रिटेन में सबसे अधिक उम्र में बनने वाले राजा होंगे। ब्रिटिश राजशाही के अधिकारियों के मुताबिक चार्ल्स “किंग चार्ल्स थर्ड” (महाराज चार्ल्स तृतीय) के नाम से राजगद्दी संभालेंगे।

