आरएससीईआरटी हॉस्टल के पास यूआईटी की पार्किंग में खड़े होंगे वाहन
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज़)। अगले सोमवार से देवाली की तरफ से फतेहसागर की पाल पर आने वाले वाहनों का प्रवेश बन्द हो जाएगा। इस तरफ से आने वाले वाहन चालकों को आरएससीईआरटी के हॉस्टल परिसर में बनी पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यह सुविधा निशुल्क होगी।
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा व एसपी विकास शर्मा ने विभिन्न स्तर पर फीडबैक लेने और वाहनों के कारण आमजन को हो रही असुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया है। इससे पाल पर प्रदूषण कम होगा और घूमने आने वाले लोगो की सेहत को भी फायदा होगा। कलक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि सुबह-शाम यहां आने वाले लोगों ने यहां पर वाहनों के जमघट से होने वाली परेशानियों के बारे में बताया था उसी दृष्टि से यह व्यवस्था लागू की जा रही है। सोमवार से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
जल्द ही ओवरफ्लो की तरफ भी बन्द होगा वाहनों का प्रवेश
कलेक्टर ने बताया कि अभी देवाली की तरफ से वाहनों का प्रवेश बन्द किया जा रहा है। भविष्य में फतेहसागर ओवरफ्लो की तरफ से पाल पर आने वाले वाहनों का प्रवेश भी बन्द किया जाएगा। इधर के वाहनों की पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था भी चिन्हित की जा रही है।
एसपी के विजन से काफी कुछ सुधार नजर आने लगा
उदयपुर एसपी विकास शर्मा पिछले कई दिनों से फतेहसागर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की कवायद में लगे हुए है। उसका असर भी नजर आने लगा है, हालांकि अभी कुछ मामलों में पुलिस को कुछ कदम और उठाने होंगे। एसपी विकास शर्मा की पहल पर फतेहसागर पर वन-वे की नई व्यवस्था के तहत तीन पहिया व चार पहिया वाहनों का प्रवेश नीलकंठ महादेव मंदिर की तरफ से कर काला किवाड़ की तरफ निकासी शुरू करवाई।
नई व्यवस्था से फतेहसागर की बंसियो की तरफ वाहन खड़े होने की समस्या का समाधान हुआ है। साथ ही बार बार जाम लगने की समस्या से भी काफी हद तक लोगो को राहत मिलने लगी है। दोपहिया वाहनों को वन-वे व्यवस्था से मुक्त रखा गया हैं। वे नीलकंठ महादेव मंदिर की तरफ से भी फतेहसागर आ सकते है और काला किवाड़ की तरफ से भी।

