उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नारायण सेवा संस्थान उदयपुर, प्रदेश और देश से बाहर जाकर दिव्यांगों को कृत्रिम अंग के जरिए नई जिंदगी दे रहा है। आजादी के 75 वर्ष अमृत महोत्सव पर नारायण सेवा संस्थान ने संस्थापक पद्मश्री कैलाश मानव की प्रेरणा से संस्थान ने दुर्घटना के शिकारों को दिव्यांगता की दासता से मुक्त करने की मुहिम छेड़ी हैं। इसके तहत संस्थान की टीम तंजानिया के दार-ए-सलाम पहुंची है।
संस्थान अध्यक्ष प्रशान्त अग्रवाल ने बताया कि तंजानिया में रविवार को पांच दिवसीय कृत्रिम अंग माप एवं वितरण शिविर शुरू किया गया है। शिविर की शुरूआत तंजानिया सरकार के कैबिनेट मंत्रियों और इंडियन हाई कमीशन के मुख्य आतिथ्य में हुई है।
शिविर में संस्थान डॉ रोली मिश्रा ने 179 दिव्यांगजन को कृत्रिम हाथ-पैर लगाए। संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल के नेतृत्व में 15 सदस्य टीम दिव्यांगों की हर तरह से सहायता करेगी। यह आयोजन लोहाना महाजन एवं लालबाग परिवार के सहयोग से सम्भव हुआ है। संस्थान के संयोजक मनीष खण्डेलवाल भी शिविर में मौजूद रहे।

