मेवाड़ में रुक रुक कर बारिश का दौर जारी
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के जावर माइंस क्षेत्र में स्थित टीडी डेम रविवार को ओवरफ्लो हो गया। इधर मदार बड़ा तालाब पर चादर तेज होने से मदार नहर होते हुए फतेहसागर में आवक बढ़ गई है।
बारिश का दौर बना रहने से टीडी डेम बीती रात क्षमता के मुकाबले पूरा भर गया। रविवार सुबह इस पर चादर भी चल गई। टीडी डेम जब जब भी ओवरफ्लो हुआ यह मानसून के दौरान उदयपुर का प्रमुख पर्यटन स्थल बना रहता है। इधर गोगुन्दा-ईसवाल क्षेत्र के कैचमेंट से पानी की आवक बनी रहने से मदार बड़ा तालाब पर चादर तेज हो गई है। इससे रविवार को मदार नहर में भी पानी का वेग बढ़ गया।
मदार बड़ा की चादर हुई तेज : अब तेजी से बढ़ेगा फतेहसागर का गेज
मदार बड़ा तालाब पर चादर तेज हो गई है और इसमे पानी की आवक भी जारी है। ऐसे में अब मदार नहर होते हुए फतेहसागर में आवक बनी रहने की पूरी उम्मीद है। इसके चलते अब फतेहसागर के जलस्तर में अब तेजी से बढ़ोतरी नजर आएगी। फतेहसागर का जलस्तर अभी 13 फीट के मुकाबले 6 फीट के करीब हुआ है। मदार छोटा तालाब भी छलकने पर इसका पानी भी फतेहसागर पहुँचेगा। सीसारमा नदी होते हुए पिछोला में आवक शुरू नहीं हुई है।
बीती रात कई जगह हुई तेज बारिश
बीती रात शहर में 18 मिलीमीटर बारिश हुई। गोगुन्दा 65, नाई 25, देवास 22, भींडर 27,वल्लभनगर 18,राजसमंद 37 और नाथद्वारा में 24 घण्टे में 21 मिलीमीटर बारिश हुई। उदयपुर जिले में रविवार सुबह कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। हालांकि पिछोला के कैचमेंट में तेज बारिश का दौर चलना अभी शुरू नहीं हुआ है।

