उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में मंगलवार शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश के दौरान कई जगह पेड़ गिरे। बिजली घुल होने से आधे से ज्यादा शहर अंधेरे में डूब गया। बीते 24 घंटे में डूंगरपुर जिले के आसपूर में सबसे ज्यादा 120 मिलीमीटर (करीब 5 इंच बारिश) बारिश हुई।
शहर में मंगलवार सुबह कुछ देर के लिए बूंदाबांदी या हल्की बारिश ही हुई, लेकिन शाम करीब छह बजे तेज हवाओं के साथ शहर में बारिश का दौर शुरू हुआ। हालांकि तेज हवा के कारण बारिश का दौर ज्यादा देर नहीं चला। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में भी मेवाड़ में तेज बारिश की संभावना जताई है।
बिजली निगम के मेंटीनेंस कार्य की हकीकत आयी सामने
मानसून पूर्व बिजली निगम ने कई दिनों तक रखरखाव के नाम बिजली कटौती की गयी। थी। लेकिन मानसून आने के बाद शहर में पहली बार हुई अच्छी बारिश ने बिजली विभाग के मेंटीनेंस कार्य की पोल खोलकर रख दी। कुछ देर तेज हवा के साथ हुई बारिश से ही आधे से ज्यादा शहर अंधेरे में डूब गया। घण्टो बिजली सप्लाई बहाल नहीं होने से लोग परेशान रहे।
ठोकर चौराहे के पास यूनिपोल गिरा, बड़ा हादसा टला
तेज हवा चलने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रो में कई जगह पेड़ गिरे। इससे रास्ते भी अवरुद्ध हुए। शहर में सहेलीमार्ग, दुर्गा नर्सरी रोड क्षेत्र, गोवर्धन विलास, प्रतापनगर, आरके सर्किल, भुवाणा क्षेत्र सहित कई जगह पेड़ गिरे। नगर निगम की टीमों ने पेड़ हटाकर रास्ता बहाल किया।
ठोकर चौराहे के पास एक निजी विज्ञापन कम्पनी का लोहे का यूनिपोल भी तेज हवा को झेल नहीं पाया। यूनिपोल अचानक प्रतापनगर-ठोकर मेन रोड पर आ गिरा। अति व्यस्तम मार्ग पर यूनिपोल गिरा, गनीमत रही उस वक्त उसकी चपेट में कोई नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।
24 घण्टे में आसपुर में 120 मिलीमीटर बारिश
मंगलवार सुबह 8 बजे तक 24 घण्टे में डूंगरपुर के आसपुर में 120 मिलीमीटर, साबला 71, उदयपुर जिले के जयसमंद क्षेत्र में 100, ऋषभदेव 72, सलूम्बर 58, लसाड़िया 50, सोमकागदर 70, राजसमंद के नाथद्वारा में 55 मिलीमीटर बारिश हुई।

