उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। केदारनाथ में पत्थर गिरने से हुए हादसे में राजसमंद के केलवा निवासी मार्बल व्यवसायी लहरीलाल उर्फ लवेश तेली (40) की मौत हो गयी है, वहीं उनकी पत्नी पुष्पा देवी (38) गंभीर घायल हैं।
जानकारी के अनुसार 15 जून को लहरीलाल, पत्नी, 3 बच्चों और 15 सदस्यों के ग्रुप के साथ चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने 21 जून को केदारनाथ के दर्शन किए और इसके बाद वहां से पैदल ही गौरी कुंड की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक से पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। जिसकी चपेट में लहरीलाल और उनकी पत्नी पुष्पा आ गयीं। हादसे में लहरीलाल की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं पत्नी पुष्पा गंभीर घायल हो गयीं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू किया और लहरीलाल और पुष्पा देवी को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने लहरीलाल को मृत घोषित कर दिया और पत्नी पुष्पा देवी उपचाररत हैं।
परिजन आज बुधवार सुबह एंबुलेंस के जरिए लहरीलाल के शव को आज सुबह राजसमंद केलवा लेकर पहुंचे। शोक में आज केलवा में बाजार बंद रखे गए।

