उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र के बंबोरा में जूनाबानी गांव के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार 4 लोग 20 फीट दूर जा गिरे, हादसे में बाइक सवार दंपत्ति, इनकी बुजुर्ग मां और एक 5 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर सीएम अशोक गहलोत ने हादसे में शोक व्यक्त किया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में एक ही परिवार के चार लोग बाबूलाल, पत्नी डाई देवी, मां प्रेमी बाई और 5 वर्षीय पुत्र की मौत हुई है। शवों को मोरचरी रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचना दी है। वहीं मौके पर मिली कार के अनुसार चालक की तलाश की जा रही है।
हादसा सुबह करीब 9 बजे के आस-पास का बताया जा रहा है। हादसा जिस जगह हुआ, वह काफी सुनसान थी। करीब 10 बजे जब ग्रामीण वहां से गुजरे तो क्षतिग्रस्त बाइक, कार देखी, पास में ही चार लोगों के शव थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

