Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर नगर निगम का बजट पास, नहीं है नया कुछ खास

अधिकांश प्रस्ताव पुराने, सिर्फ आंकड़ों में ही बदलाव

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। नगर निगम बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 385 करोड़ 96 लाख 63 हजार का सालाना बजट पास कर दिया गया। बैठक में पार्षदों का भत्ता 3700 रूपए मासिक से बढ़ाकर 10 हजार रूपए मासिक करने का प्रस्ताव पास कर इसे राज्य सरकार को भेजने का निर्णय भी लिया गया।

मेयर जीएस टांक की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में वित्त समिति अध्यक्ष रूचिका चौधरी ने बजट पेश किया। करीब एक घंटे में बजट पास कर दिया गया। खास बात यह है कि जनता के लिए इस बजट में नया कुछ नहीं है, अधिकांश प्रस्ताव वो ही हैं जो पिछले बजट में शामिल थे या फिर पिछले कई बजट में शामिल होते आ रहे हैं। बजट में विभिन्न टैक्स के रूप में 16142 लाख रूपए की आय होने का अनुमान लगाया गया है। बायलॉज से 2255 लाख, नियम-अधिनियमों से 1326 लाख रूपए की आय होने का अनुमान लगाया गया है।

बैठक में ऐलिवेटेड रोड, आयड़ नदी विकास योजना, नई सड़कों का निर्माण, सड़कों की मरम्मत, स्मार्ट सिटी के तहत शहर में चल रहे विकास कार्यो सहित शहरी विकास के मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान हंगामा भी होता रहा। शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, डिप्टी मेयर पारस सिंघवी, आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ, उपायुक्त अनिल शर्मा भी मौजूद थे।

बजट मेंं शामिल शहरी विकास के प्रमुख प्रस्ताव और उनकी बजट राशि

फिर आद आयी जिप लाइन

बैठक में शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने दूधतलाई के पास माणिक्यलाल वर्मा पार्क से दीनदयाल उपाध्याय पार्क तक जिप लाइन विकसित करने का प्रस्ताव रखा जो पास कर दिया गया। कटारिया ने इस काम के लिए विधायक मद से बजट देने की घोषणा भी की। खास बात यह है कि इसी बोर्ड मेंं उद्यान समिति यहीं प्रस्ताव करीब दो साल पहले ले चुकी हैं, उस पर आज तक कोई काम नहीं हुआ। आज बोर्ड बैठक में फिर वहीं प्रस्ताव रख दिया गया।

चंपाबाग का मामला भी उठा

बजट बैठक में चंपाबाग का मुद्दा भी उछल गया तो पारस सिंघवी ने कहा कि बजट पर चर्चा हो रही है इसमें चंपाबाग का मामला कहां से आ गया। बजट पर चर्चा हो रही है तो उसी पर बात होनी चाहिए।

Exit mobile version