Site iconSite icon AR Live News

दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर चालक रहित ट्रेन संचालन का हुआ उद्घाटन

delhi metro will run without driver on pink line minister inauguratesdelhi metro will run without driver on pink line minister inaugurates
दिल्ली मेट्रो इस तकनीक से संचालित होने वाला दुनिया का चौथा सबसे बड़ा नेटवर्क बना

नई दिल्ली(एआर लाइव न्यूज)। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप एस.पुरी ने दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत की मौजूदगी में वर्चुअल समारोह के तहत दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर चालक रहित ट्रेन संचालन(यूटीओ) का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर पुरी ने कहा कि हम सब आज एक और ऐतिहासिक अवसर पर मौजूद हैं, जहां हम सब दिल्ली मेट्रो को दुनिया के सबसे बड़े चालक रहित मेट्रो नेटवर्क में से एक बनता देखेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिसंबर 2020 में दिल्ली मेट्रो के पहले चालक रहित ट्रेन संचालन का शुभारंभ किया। तब उन्होंने मैजेंटा लाइन के चालक रहित संचालन को हरी झंडी दिखाई थी और
अब अगले 11 महीनों में 59 किमी. के विस्तार को हम चालक रहित संचालन से जोड़ रहे हैं।

मंत्री हरदीप एस.पुरी ने कहा कि 96.7 किलोमीटर के चालक रहित नेटवर्क के साथ दिल्ली मेट्रो अब चालक रहित तकनीक से संचालित होने वाला दुनिया का चौथा सबसे बड़ा नेटवर्क बन गया है। यह न केवल डीएमआरसी के लिए बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।

आवास और शहरी मामले के मंत्रालय में सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण मेट्रो लाइन है जो उत्तरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली को जोड़ती है। इस चालक रहित तकनीक से यात्रियों को सुरक्षित सवारी मिल सकेगी। इसके संचालन को सुव्यवस्थित किया जाएगा और अब हमारे ड्राइवरों को मेट्रो संचालन शुरू करने के लिए सुबह जल्दी उठना नहीं पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस नई तकनीक के लागू होने से एक बटन के क्लिक से मेट्रो चलाई जा सकती है। इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम के एमडी डॉ. मंगू सिंह भी मौजूद थे।

Exit mobile version