Site iconSite icon AR Live News

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 जुलाई तक बढ़ा

dgca extends ban on international flights till 31 july 2021 due to coronadgca extends ban on international flights till 31 july 2021 due to corona

नई दिल्ली,(ARLive news)। कोरोना वायरस महामारी के चलते नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है। डीजीसीए ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध 31 जुलाई, 2021 तक लागू रहेगा। हालांकि यह प्रतिबंध उन अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ानों पर लागू नहीं होंगे जिन्हें डीजीसीए ने उड़ान की अनुमति दी है। आदेश में यह भी कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा चुने हुए रूट्स पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अनुमति दी जा सकती है।

कोरोना महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को पहली बार मार्च 2020 में प्रतिबंधित किया गया था। घरेलू उड़ानें मई 2020 में फिर से शुरू हुईं लेकिन अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधित रही क्योंकि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कोविड के मामले बड़ी संख्या में पाए जाते रहे। DGCA ने मार्च 2020 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध को कई बार बढ़ाया है। बीते साल कोविड के चलते दुनिया अलग-अलग देशों में फंसे भारतीयों को वापस घर लाने के लिए भारत सरकार ने वंदे भारत मिशन शुरू किया था। कोविड के नए वेरिएंट्स पाये जाने के चलते अंतरराष्ट्रीय यात्रा दुनिया भर में लगभग बंद है।

मालूम हो कि भारतीय विमानन उद्योग अभी भी पिछले साल में लगे देशव्यापी लॉकडाउन के कारण हुए नुकसान से उबर रहा है। अप्रैल में महामारी की दूसरी लहर ने देश को बड़ा झटका दिया, जिसके कारण पूरे देश में हवाई यातायात में गिरावट आई, खासकर तब जब दूसरे देशों द्वारा भारत की उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया गया।

Exit mobile version