Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर के एमबी, ESIC हाॅस्पिटल सहित संभाग के 5 अस्पतालों में लगेंगे ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट: सिक्योर मीटर ने किए डोनेट

udaipur secure meters donates 5 oxygen generation plant for 5 hospital of udaipur division with mb hospital and esic hospitaludaipur secure meters donates 5 oxygen generation plant for 5 hospital of udaipur division with mb hospital and esic hospital

उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर संभाग में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या और ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए एमबी हाॅस्पिटल, ईएसआईसी हाॅस्पिटल, नाथद्वारा के अनंता हाॅस्पिटल, बांसवाड़ा और भीलवाड़ा के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाए जाएंगे। उदयपुर के औद्योगिक संस्थान सिक्योर मीटर ने 5 हाॅस्पिटल्स में ऑक्सीजन प्लांट डोनेट करने का निर्णय लिया है। यह प्लांट हाॅस्पिटल परिसर में ही स्थापित किए जाएंगे और 11 मई तक उदयपुर पहुंचेंगे।

संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने बताया कि सिक्योर मीटर, उदयपुर द्वारा कोविड संक्रमितों को मेडिकल ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल, ईएसआईसी अस्पताल, नाथद्वारा के अनंता हॉस्पिटल, बांसवाड़ा के राजकीय एमजी अस्पताल और भीलवाड़ा के राजकीय एमजी अस्पताल में कुल पांच पीएसए टाईप ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। सिक्योर मीटर प्रबंधन द्वारा बताया गया है कि इनमें 3 से 4 प्लांट इसी महीने 9 से 11 मई के बीच उदयपुर पहुंचेंगे।

एक प्लांट से 50 से अधिक बेड को होगी ऑक्सीजन सप्लाई

सिक्योर मीटर के एमडी सुकेत सिंघल से प्राप्त जानकारी अनुसार एक ऑक्सीजन प्लांट 12 गुणा 15 स्क्वायर फुट एरिया में लगाया जा सकेगा। कुल 716 किग्रा. वजन वाले एक पीएसए टाईप ऑक्सीजन प्लांट से एक साथ 50 से अधिक बेड तक ऑक्सीजन की आपूर्ति संभव होगी। जिसका फ्लो रेट- 10 नॉर्मल क्यूबिक मीटर प्रति घंटा होगा, जबकि ऑक्सीजन प्योरिटी- यूएसपी 93 प्रतिशत होगी। ऑक्सीजन प्लांट का आउटलेट प्रेशर- 4.5 किग्रा. प्रति वर्ग सेमी होगा।

ये ऑक्सीजन प्लांट विदेश से आयात होंगे

सिक्योर मीटर के एमडी सुकेत सिंघल ने संभागीय आयुक्त भट्ट को बताया कि ये ऑक्सीजन प्लांट विदेश से आयात किए जाएंगे, जो कि मॉलिक्यूलर सीव, टच स्क्रीन एचएमआई सहित अन्य आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे। इससे कोविड संक्रमित मरीजों, अस्पतालों और जिला प्रशासन को बड़ी राहत मिलेगी। इन ऑक्सीजन प्लांट को अस्पतालों में ही इंस्टॉल किया जाएगा। इनके इंस्टॉलेशन पर होने वाला खर्च भी सिक्योर मीटर वहन करेगा।

संभागीय आयुक्त ने अन्य औद्योगिक घरानों से भी कोविड संक्रमितों के लिए आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण जुटाने में इसी प्रकार से सहयोग करने के लिए आगे आने की अपील की है।

oxygen generation plant in MB Hospital
Exit mobile version