Site iconSite icon AR Live News

लेबनान की राजधानी बेरूत में भीषण विस्फोट, 78 लोगों की मौत व 4000 से ज्यादा घायल

lebanon beirut blast kills more than 70 people or 4000 injuredlebanon beirut blast kills more than 70 people or 4000 injured

लेबनान,(ARLive news)। लेबनान की राजधानी बेरूत के पोत पर मंगलवार शाम को हुए एक भीषण विस्फोट में कम से कम 78 लोगों की मौत हो गई जबकि 4000 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए। अल-जजीरा टेलीविजन चैनल ने लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से यह जानकारी दी। बेरूत पोत पर हुए इस भीषण धमाके में 78 लोगों की मौत हुई है जबकि 4000 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए।

इससे पहले लेबनान के गृह मंत्री मोहम्मद फहमी ने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह धमाका कोई हमला था अथवा बेरूत पोत पर विस्फोटकों के भंडारण वाली जगह के कारण हुआ। बेरूत का पोत ऐसी जगह है जहां भारी मात्रा में विस्फोटकों का भंडारण किया जाता है।

धमाके के लिए जो जिम्मेदार, उन्हें भारी कीमत चुकानी होगी : प्रधानमंत्री दियाब

लेबनान के प्रधानमंत्री हसन दियाब ने मंगलवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा कि बेरूत धमाके के लिए जो लोग भी जिम्मेदार हैं उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। आज जो कुछ भी हुआ उसके लिए सजा दी जायेगी।

प्रधानमंत्री हसन दियाब ने मित्र देशों से लेबनान की मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हम जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक स्तर पर सहयोग करने के लिए तैयार हैं। मैं आप सभी से लेबनान के घावों पर मलहम लगाने के लिए एकजुट होने की अपील करता हूं।” इस भीषण धमाके के कारण बेरूत के रफीक हरीरी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है। फ्रांस और इजरायल समेत कई अन्य देशों ने लेबनान को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।

कई लोगों के मलबे में दबे होने की भी आशंका

घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की भी आशंका है। स्थानीय अस्पतालों ने इस धमाके में घायल हुए लोगों को बचाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों से रक्त दान करने की अपील की है। बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना भयानक था कि राजधानी क्षेत्र में घटनास्थल से काफी दूर की इमारतों के भी शीशे टूट गए। वहीं घटनास्थल के पास की इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। विस्फोट के जो वीडियो सामने आ रहे हैं उनमें साफ देखा जा सकता है कि विस्फोट के चलते बादल बन गए। ये बादल काफी दूर तक देखे गए।

Exit mobile version