ट्रक में बैठे थे 50 से अधिक प्रवासी मजदूर
औरैया,(ARLive news)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार आज तड़के एक डीसीएम और ट्रक की टक्कर में 24 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 36 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस सर्किल ऑफिसर (डीएसपी) सुरेन्द्रनाथ यादव ने कहा, “यह घटना औरैया कोतवाली क्षेत्र के मेहौली की है। यहां पर एक ट्रक अलवर राजस्थान से चलकर पटना जा रहा था। इसमें झारखण्ड, भदोही, कुशीनगर, पश्चिम बंगाल के रहने वाले 50 से अधिक प्रवासी मजदूर पुट्टी लदे ट्रक के ऊपर बैठे थे।” वहीं डीसीएम (मिनी ट्रक) में भी प्रवासी श्रमिक बैठे थे।
डीएसपी ने बताया कि “औरैया कोतवाली की सीमा के पास पीछे से आ रहे डीसीएम ने ट्रक को टक्कर मार दी। इस कारण दोनों गाड़िया अनियंत्रित होकर पलट गइ, जिससे पुट्टी की बोरियों के नीचे दबने और फंसने से अब तक 24 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में 36 लोग घायल हैं। इसमें 21 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में हो रहा। बाकी 15 लोगों को सैफई रेफर किया गया है। 6 लोग बिल्कुल ठीक हैं। उन्हें गेस्ट हाउस में रोका गया है। मामले की जांच चल रही है।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रत्येक मृतक परिवार को 2-2 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने कमिश्नर और आईजी कानपुर को घटनास्थल का दौरा कर दुर्घटना के कारणों की तत्काल रिपोर्ट देने को कहा है।

