नई दिल्ली,(ARLive news) कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक बार फिर से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक की। देशभर में लगाए लॉकडाउन के खत्म होने की तारीख नजदीक आ रही है, ऐसे में पीएम मोदी देश के मौजूदा हालात पर मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की। लॉक डाउन बढ़ाने को लेकर सभी के सुझाव लेने के साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि हमें देश की अर्थव्यवस्था पर भी गौर करना होगा।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री बैठक में मुख्यमंत्रियों के साथ कई कोरोना संबंधित अन्य मुद्दों सहित लॉकडाउन बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने 3 मई से लॉकडाउन को अगले दो सप्ताह तक और बढ़ाने की सिफारिश की। चर्चा में हॉट स्पॉट बने शहरों और क्षेत्रों में लॉक डाउन जारी रखने को लेकर सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सहमति जताई।
इधर तेलंगाना के सीएम केसीआर ने तो लॉकडाउन को पहले ही 7 मई तक के लिए बढ़ा दिया है। वहीं दिल्ली में covid-19 पर गठित की गई कमेटी ने भी केजरीवाल सरकार को सुझाव दिए हैं कि लॉकडाउन 16 मई तक बढ़ाया जाए। इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के तमाम मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री के ऊपर फैसला छोड़ दिया है।
हालांकि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है वहां के मुख्यमंत्री अभी तक उलझन में हैं कि लॉकडाउन बढ़ाया जाए या नहीं। कांग्रेस के कई मुख्यमंत्रियों का कहना है कि चरणबद्ध ढंग से लॉकडाउन हटाया जाना चाहिए. वह चाहते हैं कि केंद्र सरकार लॉकडाउन का अधिकार राज्य सरकारों को दें। हालांकि पीएम मोदी लॉकडाउन पर क्या फैसला लेते हैं इस बारे में कोई स्पष्ट स्थिति नहीं हैं।

