Site iconSite icon AR Live News

कोरोना लॉकडाउन: जयपुर में मुस्लिमों ने हिंदू पड़ोसी के निधन पर अर्थी को कांधा देकर कहा “राम नाम सत्य है”

jaipur-bhatta-basti-people-set-example-of-communal-harmony-in-hindu neighbour-funeraljaipur-bhatta-basti-people-set-example-of-communal-harmony-in-hindu neighbour-funeral

जयपुर,(ARLive news)। देश में जहां कोरोना जैसी महामारी को भी साम्प्रदायिकता का रंग देने का कुछ लोगों द्वारा प्रयास किया जा रहा है, वहीं इसी बीच कोरोना के कर्फ्यू में जयपुर के भट्टा बस्ती के लोगों ने साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है।

जयपुर के भट्टा बस्ती के बजरंग नगर निवासी राजेन्द्र की कैंसर से सोमवार को मौत हो गयी थी। कोरोना के कर्फ्यू और राज्य में चल रहे लॉकडाउन के कारण उनके रिश्तेदार आ नहीं सके। राजेन्द्र के घर में भी उसकी बहन, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। बजरंग नगर में ज्यादातर मुस्लिम परिवार ही हैं। राजेन्द्र के निधन पर परिवार को परेशानी में देख क्षेत्र के मुस्लिम लोगों ने निर्णय लिया कि वे ही राजेन्द्र का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से करेंगे।

क्षेत्र के लोगों ने परिवार को संबल दिया और अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां की। मुस्लिम लोगों ने ही राजेन्द्र की अर्थी को कांधा दिया और “राम नाम सत्य है” कहते हुए अर्थी को श्मशान घाट तक लेकर गए और हिंदू रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि बस्ती के सभी लोग हमेशा एक-दूसरे के साथ हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। राजेन्द्र के निधन पर उसके रिश्तेदार नहीं आ सके, तो क्या हुआ, इस मुश्किल घड़ी में उसके परिवार के साथ हम सभी बस्ती वाले खड़े हैं। देश में कोई कितनी ही नफरत फैलाना चाहे, लेकिन देशवासी हर गलत भावना का प्यार और मेलजोल की भावना से जवाब देंगे।

Exit mobile version