Site iconSite icon AR Live News

चीन में एक बार फिर फैलने लगा कोरोना का संक्रमण, 24 घंटों में 99 नए पॉज़िटिव केस

Corona Returns In ChinaCorona Returns In China

बीजिंग,(ARLive news)। चीन में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 99 नए मामले सामने आए जो हाल के कुछ हफ्तों की तुलना में एक दिन में सामने आए मामलों के लिहाज से सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 63 ऐसे मामले भी सामने आए जिनमें लक्षण नहीं थे जिसके बाद देश में कोरोना वायरस के मरीजों की कुल संख्या 82,052 हो गई है। इसी के साथ देश में वैश्विक महामारी के फिर से भयावह होकर लौटने की चिंताएं बढ़ गई हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) के मुताबिक देश में 1,280 मामले ऐसे थे जो विदेशों से संक्रमित होकर आए हैं। इनमें से 481 को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और 799 का अब भी इलाज चल रहा है। जिसमें से 36 की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

आयोग ने बताया कि शनिवार को चीन में सामने आए 99 मामलों में से 97 वे हैं जो हाल में विदेश से लौटे हैं। शनिवार को ही 63 ऐसे मामले भी सामने आए जिनमें संक्रमण की पुष्टि तो हुई है लेकिन लक्षण नजर नहीं आए। इनमें भी 12 ऐसे लोग हैं जो विदेशों से संक्रमित होकर लौटे हैं। एनएचसी ने कहा कि विदेशों से संक्रमण लेकर आए 332 लोगों समेत ऐसे 1,086 मामले अब भी चिकित्सीय निगरानी में हैं। कोरोना वायरस के केंद्र हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में इसके प्रसार पर नियंत्रण पा लेने के बाद कोरोना वायरस के मामलों का फिर बढ़ना चिंता का विषय बन गया है। खासकर जब चीन ने पूरे देश में सामान्य गतिविधियों को बहाल करने की अनुमति दे दी है।

चीन के एक समाचार एजेंसी ने खबर दी कि देश के कुछ हिस्सों में समूह स्तर पर कोरोना वायरस संक्रमण की जानकारी सामने आने के बाद आयोग के प्रवक्ता मी फेंग ने शनिवार को लोगों से रक्षात्मक उपायों को मजबूत करने और भीड़ लगाने से बचने को कहा।

कोरोना वायरस के प्रकोप से जूझ रहे अन्य देशों में फंसे चीनी नागरिकों के देश लौटने के बाद कोरोना वायरस के मामले बढ़ने लगे हैं। लौटने वाले लोगों की जांच कर उन्हें 14 दिन के आइसोलेशन केंद्र में भेजा जा रहा है। एनएचसी ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के मृतकों की संख्या अब भी 3,339 है और शनिवार को इस घातक वायरस से किसी की मौत नहीं हुई।

Exit mobile version