नई दिल्ली,(ARLive news)। बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगमी सीजन को 15 अप्रैल तक के लिए स्थागित कर दिया है। पहले यह टूर्नामेंट 29 मार्च से होना था लेकिन कोरोनोवायरस के कारण इसे स्थागित करने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को ही साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय राजधानी में आईपीएल के मैच आयोजित नहीं किए जाएंगे।
आईएएनएस से बात करते हुए, बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि आईपीएल को 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित करने का फैसला किया गया है। अधिकारी ने कहा, ”हां, टूर्नामेंट की शुरुआत को स्थगित करने का आंतरिक निर्णय किया गया है और यह अब 15 अप्रैल शुरू होगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्ष वर्धन की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में राजनयिक, सरकारी, संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, एम्प्लॉयमेंट और प्रोजेक्ट वीज़ा को छोड़कर सभी अन्य प्रकार के वीज़ा 15 अप्रैल तक निरस्त करने का फैसला किया गया।
भारत में 76 मामलों की हो चुकी है पुष्टि
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी के एक व्यक्ति को कोरोना से संक्रमित होने की वजह से कंपनी के सभी 700 कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग ने 14 दिन के लिए निगरानी में रखा है। बीमारी से पीड़ित व्यक्ति इसी कंपनी में काम करता था और इटली से लौटने के बाद कई बार यहां आ चुका है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कंपनी का जायजा भी लिया।
नोएडा के मुख्य चिकित्सा के अनुसार अभी कंपनी के किसी मरीज में बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं। ऐसे में उन्हें अपने घर में ही अलग कमरे में रहने की सलाह दी गई है। कोरोना वायरस के प्रभाव के लक्षण मिलने पर तुरंत जानकारी देने की बात कही गई है। इसके बाद उनके नमूनों की जांच कराई जाएगी। इलाज किया जाएगा।
देश में अब तक कोरोना वायरस के 76 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। कोरोना वायरस से कर्नाटक में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। भारत में कोरोना वायरस से मौत का यह पहला मामला है। यह मौत कर्नाटक के कलबुर्गी में हुई है। मृतक की उम्र 76 साल बताई जा रही है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के कमिश्नर के अनुसार, 76 वर्षीय सिद्दीकी के सैंपल की जांच के बाद उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अब स्वास्थ्य विभाग इस बात का पता लगा रहा है कि उक्त शख्स कितने लोगों के संपर्क में आया था। इसके अलावा तेलंगाना सरकार को भी इसकी जानकारी दी गई है कि सिद्दीकी कोरोना से संक्रमित थे। अधिकारियों को इस बात का पता चला है कि इलाज के लिए सिद्दीकी तेलंगाना के भी एक अस्पताल में गए थे।
कनाडा के PM की पत्नी सोफी को कोरोना वायरस कन्फर्म
कनाडा, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी को भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। कनाडा की मीडिया के अनुसार, पीएम ट्रूडो की पत्नी का कुछ दिन पहले सैंपल जांच के लिए भेजा गया था और अब यह पॉजिटिव आया है। वहीं डॉक्टरों की सलाह पर जस्टिन ट्रूडो भी 14 दिन आइसोलेशन में रहेंगे। 14 दिन तक उनके सैंपल की जांच नहीं की जाएगी।

