मुंबई,(ARLive news)। चीन में फैल रहे कोरोनावायरस और मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारत ने भी एडवायजरी जारी कर दी है। इसके तहत चीन से आ रहे यात्रियों की मुंबई, दिल्ली, कोलकाता सहित देश के 7 एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच हो रही है। पिछले 5 दिन में मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 1700 से अधिक मरीजों की स्क्रीनिंग की गयी हैं और संक्रमित होने की आषंका पर दो को निगरानी में रखा गया है।
चीन के 5 शहरों में लॉकडाउन होने से वहां भारतीय नागरिक
चीन में कोरोनावायरस से पीड़ित 850 लोगों की पहचान हो चुकी है और 26 लोगों की इससे मौत हो चुकी है। चीन के जिन 5 शहरों में कोरोनावायरस के मामले सर्वाधिक आ रहे हैं, वहां लॉकडाउन कर दिया गया है। इससे यहां रहने वाले लोगों की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लॉकडाउन के कारण चीन के 5 शहरों में भारतीय नागरिक भी फंस गए हैं। उन्हें गुरूवार को निकलना था, लेकिन लॉकडाउन होने से सभी बसें, ट्रेनें और फ्लाइट रद्द हो गयीं और करीब 39 भारतीय नागरिक वहीं फंस गए हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि कोरोनावायरस को लेकर हम सतर्क हैं। चीन में हमारे दूतावास ने भी एडवाइजरी जारी की है। आने वाले लोगों को स्क्रीनिंग प्रॉसेस से गुजरना होगा। बाकी वहां रहने वाले भारतीयों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

