उदयपुर,(ARLive news)। शहर में नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां जोरों पर हैं। मंगलवार को सभी 70 वार्डों के प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा भर दिया। इसी बीच बुधवार को उदयपुर शहर विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने पत्रकार वार्ता में संकेत दिए कि बीजेपी का बोर्ड बनने पर वार्ड 61 के प्रत्याशी गोविंद सिंह टांक महापौर बन सकते हैं।
पत्रकारों ने जीएस टांक को महापौर का चेहरा बताते हुए उनकी 75 वर्ष की उम्र को अधिक बताते हुए कटारिया से सवाल किया कि तो कटारिया ने जवाब दिया कि मेरी उम्र भी 75 साल है, मैं भी सुबह-शाम आपके सामने दौड़ रहा हूं, तो उम्र कहीं आड़े नहीं आएगी। इसके बाद पत्रकारों ने जीएस टांक को महापौर का चेहरा बताते हुए एक और सवाल कटारिया से किया तो इस पर कटारिया ने टांक की महापौर बनने की बात को खारिज नहीं किया और जवाब दिया कि वे इस सवाल का जवाब दो महीने बाद देंगे।
जाति समाज के आधार पर दिए हैं टिकट
कटारिया ने पत्रकार वार्ता में बताया कि नगर निगम में पार्षदों की टिकट पर काफी चिंतन किया गया है। उदयपुर शहर में हर जाति-समाज को प्रतिनिधित्व मिले, इसलिए हर जाति समाज से कम से कम एक प्रतिनिधि को टिकट देने का प्रयास किया है। ऐसे में टिकट वितरण में जाति समाज का ध्यान में रखा गया है। इसके अलावा पारस सिंघवी, ताराचंद जैन जैसे अनुभवी लोग भी बोर्ड में आ सकें, इसलिए इनके वार्ड आरक्षित होने पर इन्हें दूसरे वार्ड से टिकट दिया है। इसके अलावा भाजपा युवा मोर्चा के युवा कार्यकर्ताओं को भी टिकट देकर मौका दिया गया है।

