उदयपुर,(ARLive news)। जिले के परसाद थाना क्षेत्र के बारापाल गांव में भांगला घाट में बुधवार तड़के पैंथर ने घर के आंगन में सो रहे ग्रामीण पर हमला किया और उसका शिकार कर उसे घर से 100 गज दूर तक घसीट ले गया। पैंथर केे हमले में ग्रामीण की मौत से ग्रामीणों में खौफ है और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वन अधिकारियों को सूचना की। फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर शांतिलाल भी वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समझाइश की।
मौके पर मय जाब्ता पहुंचे एएसआई नानालाल ने बताया कि पैंथर के हमले से भांगला घाट निवासी देवीलाल (40) पुत्र कालाजी मीणा की मौत हुई है। देवीलाल रात को घर के आंगन में खाट पर सो रहा था। तड़के पैंथर ने घर के आंगन में घुसकर हमला कर दिया और देवीलाल को गले से दबोच कर मार डाला। पैंथर देवीलाल को घसीटते हुए घर से करीब 100 गज दूर तक झाड़ियों की ओर ले गया। पैंथर ने गले पर हमला कर देवीलाल को मारा और फिर उसका पैर खा गया। पैंथर के हमले के बाद घर वालों ने देवीलाल को बचाने के लिए शोर मचाया। ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर आस-पास तलाश शुरू की तो पैंथर ग्रामीणों को देख देवीलाल को छोड़कर भाग गया।

