राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नोटबंदी के जरिए हमला बोलते हुए कहा कि मोदी काले धन वालों की मदद की। कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आते ही देश के 20 प्रतिशत गरीब परिवारों की न्यूनतम मासिक आय 12000 रुपये सुनिश्चत करेगी। इसके लिये वह उनके खाते में 72 हजार रूपये सालाना डालेगी।
देश में 25 करोड़ लोग आज भी गरीबी रेखा से नीचे हैं जो कि देश के लिए शर्म की बात है। उन्होंने देश के 20 प्रतिशत गरीब परिवारों को 72 हजार रूपये सालाना देने की पार्टी की घोषणा को देश में गरीबी पर ‘र्सिजकल स्ट्राइक’ बताते हुए कहा कि कांग्रेस देश से गरीबी मिटाएगी।
अगर मोदी अमीरों को पैसा देते हैं तो कांग्रेस पार्टी गरीबों को पैसा देगी। राहुल गांधी ने नोटबंदी और जीएसटी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी तथा जीएसटी जैसे कदमों से मोदी सरकार ने देश में बेरोजगारी बढ़ाई है। मोदी ने नोटबंदी के जरिए कालेधन वालों की मदद की। कांग्रेस किसानों की रक्षा और युवाओं को रोजगार देने पर ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि हम गरीबों की बात करते हैं। हम न्याय चाहते हैं, हम दो हिंदुस्तान नहीं बनने देंगे।
इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी सभा को संबोधित किया। राहुल गांधी आज बूंदी में भी एक सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह जयपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
