घटना शुक्रवार दोपहर सलूम्बर थाना क्षेत्र के सेरिंग तालाब की है। उदयपुर निवासी अकबर खान पठान नाम का कार मालिक यात्री को सलूम्बर छोडने गया था। यात्रियों को छोड़ने के बाद वह कस्बे के सेरिंग तालाब के किनारे कार खड़ी कर धोने लग गया। तभी एक युवक आया और कार मालिक को चकमा देकर कार में बैठ गया। कार में लगी हुई चाबी से कार स्टार्ट करने लगा, अकबर खान कुछ समझ पाता इससे पहले गियर में खडी कार स्टार्ट करने के प्रयास में कार आगे बढी और अनियंत्रित होकर सीधे सेरिंग तालाब में गिर गई। पानी मे जाने और चट्टान से टकराने से कार लॉक हो गयी। कार के अंदर फंसा युवक बाहर नही निकल पाया और कार में पानी भरने के बाद डूबने से उसकी मौत हो गयी।
कार के तालाब में गिरने की सूचना पर बडी संख्या में लोग इकट्ठा हो गये, वहीं उपखण्ड अधिकारी प्रकाश चंद रैगर, तहसीलदार नारायण लाल जीनगर, डिप्टी नारायण सिंह राठौड़, थानाधिकारी रामेश्वर सिंह चैहान मय जाप्ता मौके पहूंचे। क्रेन की सहायता से कार को निकला गया। लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान कर्मा के रूप में हुई है।
