खूनी होली : नाबालिग भतीजी का अपहरण किया फिर जमानत पर आते ही ताउ की हत्या
arln-admin
उदयपुर,(ARLive news)। सूरजपोल थाना क्षेत्र के खांजीपीर में रंगों की होली खून की होली में तब तब्दील हो गई, जब क्षेत्र के ही एक युवक ने उस किशोरी के घर में घुसकर माता-पिता और ताउ, तायी पर चाकू से हमला कर दिया, जिसका तीन-चार महीने पहले उसने अपहरण किया था। युवक के हमले में दक्षिणी खांजीपीर निवासी पवन परदेशी की मौत हो गई, वहीं पवन की पत्नी, छोटा भाई कमल, कमल की पत्नी गंभीर घायल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी खांजीपीर बीड़ा निवासी शेखर आदिवाल की तलाश की जा रही है। कमल की नाबालिग बेटी को शेखर कुछ महीनों पर अपहरण कर ले गया था। परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस ने कमल की नाबालिग बेटी की तलाश कर माता-पिता के सुपुर्द किया था और शेखर आदिवाल को पोक्सो एक्ट में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेखर आदिवाल फरवरी में ही जमानत पर छूट कर बाहर आया था। इस बात को लेकर शेखर पवन और कमल के साथ रंजिश रख रहा था।
गुरूवार को होली उत्सव पर पवन, कमल अपने परिवार के साथ होली मना रहे थे। तभी अचानक शेखर वहां आ गया और उसने परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव में पवन और कमल की पत्निया भी आयीं तो शेखर ने उन्हें भी घायल कर दिया। पवन परदेशी पर चाकू से हुए लगातार वार से वह गंभीर घायल हो गया। परिजनों ने क्षेत्रवासियों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पवन की मौत हो गई, वहीं कमल और इनकी पत्नी और भाभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
शेखर हमला करने के बाद लोगों को इकट्ठा होता देख मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी शेखर की तलाश कर रही है।