लालच देकर जबरन धर्म परिवर्तन करवाने का महिला ने किया खुलासा।
थाने में सुनवाई नहीं हुई तो कलेक्टर और एसपी को दिया परिवाद।
पहाड़ा थाना क्षेत्र के सकलाल निवासी कमला कुमारी सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंची और एसपी को परिवाद देकर न्याय की गुहार लगाई है। कमला कुमारी ने बताया कि उसकी पिछले साल उखेड़ी गांव में शादी हुई थी। शादी के समय ससुराल वालों ने नहीं बताया था कि उन लोगों ने ईसाई धर्म कबूल किया हुआ है। हिंदू बताकर शादी की। शादी के 10-15 दिन बाद ही मुझे चर्च चलने को कहा और पति ने बताया कि वहां ईसाई धर्म कबूल करवाएंगे, मैंने जब ईसाई धर्म कबूल करने से मना कर दिया तो मुझे 3 लाख रूपए मिलने का लालच भी दिया और कहा कि ईसाई धर्म कबूल किया तो तीन लाख रूपए भी मिलेंगे। महिला ने बताया कि जब ईसाई धर्म कबूल करने से मना कर दिया तो ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया और कहा कि धर्म कबूल नहीं करना है तो अपने पिता के घर से तीन लाख रूपए ले आना।
महिला ने बताया कि उसने गत वर्ष पहाड़ा थाने में इसकी रिपोर्ट दी थी, लेकिन दो-ढाई महीने बीतने के बाद भी थाना पुलिस ने ससुराल वालों पर कोई कार्यवाही नहीं की और न ही मामले की जांच शुरू की। उल्टा मेरे माता-पिता को झूठे मामलों में पुलिस फंसाने लगी। आज मजबूरन मुझे यहां तक आना पड़ा और उच्च अधिकारियों को मेरी पीड़ा बताकर न्याय की गुहार लगाई है।
