Site iconSite icon AR Live News

एमबी हॉस्पिटल की दूसरी मंजिल की खिड़की से कूदा मरीज

उदयपुर। महाराणा भूपाल हॉस्पिटल के वार्ड 5 में भर्ती मरीज ने शनिवार सुबह बाथरूम की खिड़की से कूदकर जान दे दी। मृतक रतन सिंह डायबिटीज से पीड़ित था और हाथ-पैर और शरीर में हर समय जलन होती थी। मरीज शुक्रवार को ही भर्ती हुआ था। पुलिस ने शव मोरचरी में रखवा कर परिजनों को सूचित किया है।

थानाधिकारी रवीन्द्र सिंह चारण ने बताया कि सेमारी के बड़ावली निवासी रतन सिंह (55) एक दिन पहले ही भर्ती हुआ था। वह डायबिटीज से पीड़ित था। लंबे समय तक उसका अहमदाबाद में भी इलाज चला था। बीमारी के चलते रतन सिंह के हाथ-पैरों में जलन रहती थी और वह इस बात से काफी परेशान और अवसाद में था। रतन सिंह एमबी हॉस्पिटल के दूसरी मंजिल स्थित वार्ड 5 में भर्ती था। ग्रामीणों ने बताया कि रतन सिंह एलआईसी एजेंट थे और लैम्पस का भी काम करते थे।

शनिवार सुबह रतन सिंह वार्ड के बैड से बाथरूम में गया। अचानक दूसरी मंजिल के इसी बाथरूम की खिड़की से किसी के नीचे गिरने की तेज आवाज आई, लोगों ने देखा व्यक्ति मृत पड़ा हुआ है। आस-पास काफी भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना पर हॉस्पिटल स्टाफ, डॉक्टर्स और पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान बाथरूम में गए सेमारी निवासी रतन सिंह के नाम से हुई। बाथरूम की खिड़की की उंचाई करीब तीन फीट है, ऐसे में पुलिस संदेह जाहिर कर रही है कि रतन सिंह ने खिड़की से कूदकर जान दी है, क्यों कि वहां से दुर्घटनावश नीचे गिरने की संभावना कम है। हालां कि परिजनों की रिपोर्ट के बाद ही परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Exit mobile version