पुलिस के अनुसार अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग पर नक्सलियों के प्रेशर बम विस्फोट से सीआरपीएफ की 231वीं बटालियन का जवान एम एस रमेश गंभीर घायल हो गया । घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस दल रवाना किया गया और घायल आरक्षक को घटनास्थल से बाहर निकाला गया । विस्फोट में रमेश का पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया । स्थिति गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से रायपुर भेजा गया ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अरनपुर थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के दल को गस्त में रवाना किया गया था । दल जब कमलपोस्ट और कोंडापारा गांव के मध्य था तो आरक्षक का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया । जिससे बम विस्फोट हो गया ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है तथा जिम्मेदार नक्सलियों की खोज की जा रही है ।
