Site icon AR Live News

उदयपुर में CBI की छापेमारी: 80 करोड़ के बैंक फ्रॉड में निर्मल कुमार जैन, कविश जैन, आशीष जैन सहित अन्य पर FIR

udaipur-cbi raid star-housing-finance-nirmal-kumar-jain-80-crore-fraud

उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (SHFL) के कथित 80.15 करोड़ के बैंक फ्रॉड मामले में उदयपुर और मुंबई स्थित 6 ठिकानों पर छापेमारी की है। सीबीआई ने उदयपुर और मुंबई में एसएचएफएल (SHFL) कंपनी के निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों आशीष जैन, कविश जैन, निर्मल कुमार जैन, अनिल कृष्णन सचिदानंद एवं अन्य संबंधित लोगों के छह ठिकानों पर तलाशी ली। | Star Housing Finance Fraud | Udaipur CBI Raid | Nirmal Kumar Jain | Ashish Jain | Kavish Jain

यह मामला नेशनल हाउसिंग बैंक को हुए कथित वित्तीय नुकसान और फर्जी लोन खातों के जरिए करोड़ों रुपये के फंड डायवर्जन से जुड़ा है।

सीबीआई FIR के अनुसार नेशनल हाउसिंग बैंक (NHB) की शिकायत पर 23 नवंबर 2026 को एफआईआर दर्ज की गयी थी। शिकायत में स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, उसके उदयपुर निवासी प्रमोटर और पूर्व सीएमडी आशीष जैन, प्रमोटर निदेशक कविश जैन, पूर्व डायरेक्टर निर्मल कुमार जैन, मुंबई निवासी मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल कृष्णन सचिदानंद और तथा अज्ञात लोक सेवकों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार निर्मल कुमार जैन वर्तमान में उदयपुर के एक्मे ग्रुप की एक्मे फिनट्रेड और एक्मे ऑटोमोबाइल कंपनियों में प्रबंध निदेशक और निदेशक हैं। निर्मल जैन 2021 तक स्टार हाउसिंग फाइनेंस में निदेशक थे।

एफआईआर में संलग्न नेशनल हाउसिंग बैंक (NHB) की ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार कंपनी की बैलेंस शीट और डेटा में 1500 से अधिक लोन खातों से जुड़े करीब 185 करोड़ के संदिग्ध फैंटम लोन होने का संदेह है। ऑडिट के दौरान 15 खातों के नमूने की जांच में लोन मैनेजमेंट सिस्टम में संबंधित लोन फाइलों के दस्तावेज नहीं मिले।

आरोप है कि व्यक्तिगत ग्राहकों के नाम पर लोन स्वीकृत और वितरित दिखाए गए, लेकिन वास्तविक रकम संबंधित ग्राहकों के बजाय दूसरी संस्थाओं और व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर की गई।

एनएचबी की फोरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोन खातों से निकाली गई रकम का इस्तेमाल कंपनी के शेयरों की खरीद और शेयरों में हेरफेर के लिए किया गया। कुछ मामलों में रकम ट्रांसफर होने के उसी दिन स्टार हाउसिंग फाइनेंस के शेयर खरीदने में इस्तेमाल होने की बात भी सामने आई।

ऑडिट में फर्जी EMI एंट्री, नए काल्पनिक लोन खातों से पुराने खातों को बंद दिखाने, फर्जी ब्याज आय दर्ज करने और खर्चों के संदिग्ध वाउचर जैसे मामले भी सामने आए। इसके अलावा करीब 70.04 करोड़ के लोन रिसीवेबल्स को एक से अधिक ऋणदाताओं के पास सिक्योरिटी के रूप में दिखाने का आरोप भी लगाया गया है।

CBI FIR के अनुसार स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (SHFL) कंपनी का रजिस्टर्ड पता मुंबई के बोरीवली ईस्ट है, लेकिन इसके निदेशक और पूर्व निदेशक उदयपुर के रहने वाले हैं। एफआईआर में नामजद आशीष जैन पुत्र मोहनलाल नागदा को कंपनी का प्रमोटर और पूर्व सीएमडी बताया गया है, वहीं कविश जैन पुत्र मोहनलाल नागदा को कंपनी का प्रमोटर डायरेक्टर बताया गया है। दोनों भाई उदयपुर के मेहता जी की बाड़ी, गुलाब बाग रोड के रहने वाले हैं। वहीं स्टार हाउसिंग के पूर्व डायरेक्टर निर्मल कुमार जैन पुत्र सोहनलाल जैन टेगोर नगर हिरणमगरी सेक्टर 4 के रहने वाले हैं।

NFB ने कंपनी के खाते को फ्रॉड के रूप में वर्गीकृत किए जाने के बाद 30 जून 2026 से लॉस एसेट के रूप में वर्गीकृत किया था। शिकायत में उस समय बकाया राशि 84.12 करोड़ बताई गई है।

सीबीआई की तलाशी में जांच से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद हुई है। मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, खातों में हेराफेरी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जांच की जा रही है। सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version